28 June 2025

What Marxists probably missed about consciousness?

                             ✍🏽 Nitesh Shukla


द्वन्द्वात्मक भौतिकवाद इस स्वीकारोक्ति के साथ ही खड़ा हुआ था कि पदार्थ और चेतना में एक द्वन्द्वात्मक रिश्ता है और चेतना भी पलटकर पदार्थ को बदलती है। इस रूप में वह अपने पूर्ववर्ती भौतिकवाद से अलग था। मार्क्सवाद ने यह माना कि चेतना पदार्थ से स्वतंत्र न होकर पदार्थ के विकास का ही एक विशिष्ट उत्पाद है जो कि पदार्थ जगत को प्रतिबिम्बित (through active engagement, not passive reflection) करती है। चेतना हमें हमारी इन्द्रियों द्वारा प्राप्त संवेदनाओं के माध्यम से पदार्थ जगत से प्राप्त सूचनाओं को समझने, उनका विश्लेषण करने, और निर्णय लेकर पदार्थ जगत में फिर बदलाव करने में सक्षम बनाती है। इसप्रकार पदार्थ जगत का संज्ञान (cognition) पदार्थ से पीछे चलता है और जब वो पलटकर पदार्थ को बदलता है तब व्यवहार (action) संज्ञान के पीछे होता है। इसलिए उन्होंने ये निष्कर्ष निकाला कि चेतना पदार्थ से पीछे चलती है। 


मार्क्स और उनके बाद के मार्क्सवादी सिद्धांतकारों ने बार बार रेखांकित किया कि हमारी चेतना हमारी आर्थिक, सामाजिक, व ऐतिहासिक परिस्थितियों से तय होती है। इसप्रकार मार्क्सवाद ने चेतना को पदार्थ जगत के सापेक्ष अध्ययन करने की बात की, यानी किसी की चेतना को समझना हो तो उसकी भौतिक और ऐतिहासिक परिस्थितियों को देखो। यह एक सही एप्रोच था।




 चुकि चेतना पदार्थ से स्वतंत्र नहीं है और चेतना को समझना अनिवार्य रूप से उन परिस्थितियों को समझने से जुड़ा है जिसमें कोई चेतना निर्मित हुईं है, इसलिए मार्क्सवादियों ने चेतना के स्वतंत्र अध्ययन की जरूरत को ही नकार दिया। इसका मतलब कि चेतना अपने आप में (consciousness in itself) में क्या है इसको समझने की जरूरत नहीं समझी गयी। माओ ने यह जरुर महसूस किया कि केवल पदार्थ को बदलने कि बजाय सांस्कृतिक क्रांति के द्वारा चेतना को भी बदलने की जरूरत है। एंटोनिओ ग्राम्शी ने भी इस चीज़ को महसूस किया था कि सांस्कृतिक वर्चस्व (cultural hegemony) भी अपने आप में एक महत्वपूर्ण ताकत है और उन्होंने आर्थिक संघर्ष के समानांतर वैचारिक (idealogical) और सांस्कृतिक (cultural) आंदोलन चलाने की वकालत की। ये प्रयास चेतना और सामाजिक बदलाव में उसके प्रभाव की जटिलताओं को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम थे। पर उसके बाद मार्क्सवादी लोगों ने चेतना को समझने और उसको बदलने के इंडिपेंडेंट एप्रोच पर काम किया ही नहीं। ऐसे टूल्स, मेथड्स और तरीकों पर काम नहीं किया जिससे चेतना को समझना व बदलना आसान हो। आज समाजवादी आंदोलनों के स्टेग्नेशन की यह भी एक वजह हो सकती है।




उदाहरण के लिए, इसी समझ के कारण मार्क्सवादी लोग साइकोलॉजी (मनोविज्ञान) के अध्ययन को गैर-जरुरी मानते रहे। जबकि दूसरी तरफ पूंजीवाद ने चेतना पर बहुत गहरा अध्ययन किया। लोगों की चेतना के पैटर्न को जुटाना, एनालिसिस करना और उसको अपना सामान बेचने व लोगों को मैनीपुलेट करने के लिए खूब इस्तेमाल किया। आज सोशल मीडिया के रास्ते लोगों की चेतना और व्यवहारों के पैटर्न का अध्ययन करना और ज्यादा आसान हो गया है इसीलिए लोग पूंजीवाद के चुंगल में फंसते ही जा रहे हैं क्योंकि कोई अन्य विकल्प है ही नहीं। दूसरी तरफ धर्म है जिसके पास चेतना को समझने का एक आदिम पर प्रभावी फ्रेमवर्क है पर वह भी कर्मकांडो और अन्धविश्वासों के बोझ तले कहीं दबा हुआ है। 




अब इसबात पर शायद ही कोई डिबेट हो कि पदार्थ को बदलने के लिए चेतना का बदलना जरुरी है या नहीं। मेरी समझ से डिबेट इस बात को लेकर रहा है कि पहले चेतना को बदला जाय या पदार्थ जगत में बदलाव करते हुए चेतना को बदला जाय। यानी दोनों परिस्थितियों में चेतना को ही पलटकर पदार्थ जगत को बदलना है। 




लोगों की चेतना को बदलने के लिए सबसे जरुरी है उनकी चेतना को समझना और उससे भी जरुरी है एक सत्ता (entity) के रूप में खुद चेतना को समझना जो कि एक अलग exploration है। यानी दुनिया की दूसरी सबसे जटिल परिघटना के रूप में इसके उदविकास, संरचना, कार्यप्रणाली से जुड़ी विशिष्टताओं को समझना जो ये तय करते हैं कि पदार्थ जगत के कोग्निशन से लेकर नॉलेज और वापस पदार्थ को बदलने के लिए एक्शन के बीच में क्या घटित हो रहा है। इन विशिष्टताओं को समझें बगैर केवल पदार्थ जगत की परिस्थितियों और उनके इतिहास के आधार पर बस यही समझा जा सकता है कि जनता की चेतना वर्त्तमान रूप में कैसे पहुँची। पर वो इसी स्थिति तक क्यों पहुँची, और उसको दूसरे रूपों में कैसे ढाला जा सकता है इसका जबाब नहीं दिया जा सकता। इसका हल स्वयं चेतना (consciousness in itself) को समझने से शुरू होता है। अगर माओ की अनालॉजी उधार लें तो चेतना को समझना अंडे के आंतरिक अंतर्विरोध (internal composition) को समझना है जो खास बाह्य अंतर्विरोधों या परिस्थितियों (तापमान और दबाव) में चूजे का निर्माण करता है। 




*चेतना क्या है?*




यहाँ जब हम चेतना की बात करते हैं तो वह मानवीय चेतना के ही सन्दर्भ में बात हो रही है जिसके कुछ खास गुण हैं, जैसे कि स्वयं ("मैं") के बारे में सजगता, मानसिक समय यात्रा, और कल्पना करने की क्षमता। 


हालाँकि अभी विज्ञान के पास इसका कोई ठीक-ठीक जबाब नहीं मिल सका है कि हमारी चेतना यानी "the sense of I" कैसे पैदा होती है। हाँ इतना जरुर माना जा सकता है कि यह लगभग 86 बिलियंस नुरोन्स से बने हमारे मस्तिष्क के विभिन्न भागों के बीच इंटरएक्शन से पैदा होती है जिसमें फ्रंटल कॉर्टेक्स का अहम रोल होता है। यह एक काम्प्लेक्स अडाप्टिव सिस्टम की emergent प्रॉपर्टी है यानी कई कंपोनेंट्स से बना हुआ एक ऐसा संयोजन जिसमें संयोजन के गुण कंपोनेंट्स के गुणों के योग से भिन्न हों (मार्क्सवादी शब्दावली में इसे गुणात्मक परिवर्तन से समझा जा सकता है)। 


मेरी समझ से चेतना इस दुनिया में निर्मित शायद दूसरी सबसे जटिल संरचना है। पहली जटिल संरचना मानव समाज है जो चेतनाशक्ति से युक्त लोगों से मिलकर बनती है। दुनिया के 8 अरब लोगों के दिमाग़ में आठ अरब वर्चुअल दुनियांएँ हैं जो एक दूसरे से समानतायें और भिन्नतायें शेयर करती हैं। जैसे कि किसी की चेतना में धरती चपटी हो सकती है, किसी की चेतना की दुनिया में कोई आसमानी शक्तियां इस दुनिया की हर गति और घटना को नियंत्रित कर रही हैं तो किसी की चेतना में दुनिया में अच्छे और बुरे लोगों की एक जंग चल रही है तो किसी की चेतना की दुनिया में असली लड़ाई पूँजीपति वर्ग और मज़दूर वर्ग के बीच है। इन वर्चुअल दुनियाओं से अलग एक वास्तविक दुनिया (पदार्थ जगत) भी है जहाँ हमारे शरीर स्थित हैं जो हमारी चेतनाओं को अपहोल्ड (uphold) करते हैं या जरुरी मटेरियल कंडीशंस प्रोवाइड करते हैं जिससे की हमारी चेतनाएँ संभव हो सकें। 


हालाँकि दुनिया में ऐसे भी दार्शनिक रहे हैं जिन्होंने किसी वास्तविक दुनिया के होने से इंकार किया, और ये माना कि दुनिया में बस चेतना यानी विचार की ही सत्ता प्राथमिक है जबकि पदार्थ जगत चेतना की ही व्युत्पत्ति (derivatives) है। इसको पाश्चात्य दर्शन में बिशप बर्कले, हेगेल, अर्नस्ट माख जैसे दर्शनिकों व भारतीय दर्शन में शंकराचार्य के "जगत मिथ्या" से समझा जा सकता है। इनको विचारवादी कहा गया, हालांकि चेतनावादी शब्द ज्यादा सटीक है। इस दर्शन से मार्क्सवादियों ने काफ़ी बहस भी चलाई थी। बाद के वैज्ञानिक अनुसन्धानों ने पदार्थ जगत और चेतना के बारे में दो बातों को साबित कर दिया-


पहला कि पदार्थ जगत हमारी चेतना से स्वतंत्र अस्तित्वमान है,व दूसरा कि पदार्थ से स्वतंत्र चेतना के अस्तित्व का कोई भी वैज्ञानिक रूप से वैध (scientifically varified) प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं। यह इस तरफ एक इशारा करता है कि चेतना पदार्थ का ही एक विशिष्ट गुण है। हालांकि यह चेतनावादी दार्शनिक प्रवित्ति सीमित हद तक अभी भी मौजूद है।




वर्तमान में दुनिया में चेतना को लेकर इस बात पर बहस चल रही है कि चेतना को क्या पूरी तरह भौतिक परस्थितियों और नियमों से explain किया जा सकता है या नहीं? यह बहस मुख्य रूप से डेविड चालमर्स (David Chalmers) और डेनियल डिनेट (Daniel Dennett), क्रिस्चिॉफ कोच (Christof Koch) व अन्य लोगों के बीच है। चालमर्स का मानना है कि मनुष्य के मस्तिष्क की कार्यप्रणाली, संज्ञान, एनालिसिस और एक्शन लेने को हम भौतिक परिस्थितियों द्वारा यानी न्यूरल एक्टिविटी द्वारा एक्सप्लेन कर सकते हैं पर चेतना के व्यक्तिपरक (subjective) पहलू को इन भौतिक क्रियाओं से एक्सप्लेन नहीं किया जा सकता है। यानी मनुष्य तार्किक के साथ भावनात्मक भी है जिससे कि इंसान संज्ञान, सोचने और निर्णय लेने के साथ महसूस (subjective experiences) करने की भी क्षमता रखता है। इसे वह "Hard problem of consciousness" कहते हैं। इसलिए वह यह मानने की सिफारिश करते हैं कि चेतना ब्रह्माण्ड की एक मूलभूत इकाई (fundamental entity) है। दूसरी तरफ डिनेट और कोच का मानना है कि चेतना को पूरी तरह कंप्यूटेशनल (computational) और न्यूरोलॉजिकल प्रक्रियाओं से समझा जा सकता है और सब्जेक्टिव एक्सपीरियंस एक भ्रम (illusion) की तरह हैं। कोच ने 1998 में चालमर्स से ये शर्त लगाई थी कि आने वाले 25 सालों में ब्रेन के ऑब्जरवेशन की हमारी तकनीकी क्षमता व मानव मस्तिष्क के बारे में ज्ञान इतना विकसित हो जाएगा कि हम चेतना को न्यूरल व अन्य भौतिक प्रक्रियाओं से एक्सप्लेन कर सकेंगे। हालांकि यह बहस 2023 में न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में आगे एक्सटेंड हो गयी। 


 इस बहस का कोई अंतिम नतीजा इसलिए नहीं निकल सका है क्योंकि फिलहाल चेतना को न्यूरल प्रक्रियाओं से पूरी तरह एक्सप्लेन नहीं किया जा सका है। इसकी एक मुख्य वजह है कि हम चेतना पर व्यापक एक्सपेरिमेंट करने के लिए जरुरी तकनीकी अभी तक विकसित नहीं कर पाए हैं। फिर भी चुकि हमारे पास ऐसी इमरजेंट प्रॉपर्टी वाले कई उदाहरण मौजूद हैं जहाँ कंपोनेंट्स के इंटरएक्शन से एक पूरी तरह से नया गुण पैदा हो जाता है, इसलिए यह माना जा सकता है कि चेतना भी हमारे मस्तिष्क के विभिन्न भागों जिनमें करीब 86 बिलियन नुरोन्स हैं उनके इंटरएक्शन से पैदा हुईं है। इसप्रकार वह पदार्थ के ही विकास की एक उच्च अवस्था है। 




अब चुकि एक व्यक्ति की चेतना पदार्थ जगत का ही एक विशिष्ट उत्पाद है जो पदार्थ जगत का बोध और विश्लेषण करती है और निष्कर्ष निकालती है इसलिए उसको समझने कि शुरुआत उसकी विशिष्ट भौतिक संरचना से भी जुड़ा हुआ है। मानवीय चेतना को संभव बनाने के लिए कुछ खास भौतिक, रासायनिक, जैविक, नुरोलॉजिकल, नुरोकेमिकल और इलेक्ट्रिकल परिस्थितियों की जरुरत पडती है जो लाखों करोड़ों सालों के उदविकास (evolution) के दौरान संभव हुए हैं। यह संज्ञान, सोचने व निर्णय लेने के अलावा महसूस करने से भी जुड़ा है।




करीब तीस लाख साल पहले हमारे शुरूआती पूर्वज जैसे कि ऑस्ट्रेलोपिथेकस, होमो एरेक्टस एक समूह में रहते थे, औजार बनाते थे और साथ में शिकार करते थे जिसके लिए आपसी संवाद और तालमेल की जरुरत होती है। इसप्रकार मानवीय चेतना एक लम्बे विकास की प्रक्रिया से गुजरी है ताकि एक समूह में रहना और सामाजिक व्यवहार करना संभव हो सके जो की हमारे अस्तित्व के लिए जरुरी था।




ऐसा सामाजिक संगठन और सामूहिक जीवन कुछ गैर-मनुष्य जीवों, जैसे कि चीटियाँ, मधुमक्खियाँ, प्राइमेट्स, टर्माइट्स , डॉलफिन, व्हेल , हाथी, व अन्य कुछ मछलियों व पक्षियों में भी विकसित हुए। हाथी मातृसत्तात्मक झुंडों में रहते हैं, सहानुभूति दिखाते हैं, अपने मृतकों के लिए शोक मनाते हैं, और बच्चों के पालन-पोषण में सहयोग करते हैं। डॉल्फ़िन और व्हेल मजबूत सामाजिक बंधन, सामूहिक शिकार और जटिल आपसी संवाद के साथ झुंड में रहते हैं, जिसमें स्वरों कि नक़ल करना भी शामिल है। यूसोशल (Eusocial) प्रजातियों जैसे चींटीयों, मधुमक्खीयों आदि में अस्तित्व, शिकार या प्रजनन के लिए सहयोग,व श्रम का विभाजन दिखता है। उनके बीच संवाद तमाम माध्यमों जैसे रासायनिक संकेतों (चींटियों) से लेकर स्वरों (पक्षियों और स्तनधारियों) तक देखने को मिलता है। 




फिर मानव समाज और चीटियों के समाज में फर्क क्या है? यह फर्क है चेतना का, कार्य-कारण सम्बन्ध को समझने व चेतना द्वारा निर्णय लेने की क्षमता का। दूसरे जीव अपने इंस्टिक्ट से व्यवहार करते हैं। एक चींटी जैसे चीनी के एक टुकड़े को देखकर एक्शन लेगी वैसे ही उस समूह की हर चींटी लेगी। पर इंसान के बारे में हम ये बात नहीं कह सकते। चेतना इंसान को इस चीज़ के लिए सक्षम बनाती है कि वो किसी परिस्थिति के बारे में सचेतन निर्णय ले सके। चेतना किसी बाह्य परिस्थिति के लिए कई सारे चॉइसेज का निर्माण करती है। हम कौन सा निर्णय लेंगे इसमें एक खास परिस्थिति में कई आंतरिक चीजों का दखल होता है जिनको समझना चेतना को समझने के लिए बहुत जरुरी है। जैसे कि हमारी जेनेटिक्स, सरवाइवल इंस्टिक्ट्स, हार्मोनल, इमोशनल, मोरल स्टेट्स, वर्ल्ड व्यू, एप्रोच, आइडियलॉजी, हैबिट्स इत्यादि। इनमें से सारी चीजें हमारी सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों से तय नहीं होती हैं। जैसे कि हमारे इंस्टिक्ट्स, हार्मोन्स, जिनका हमारे निर्णयों में काफ़ी दखल होता है। यह एक लम्बे विकास प्रक्रिया में मानव चेतना का हिस्सा रहे हैं। और इसीलिए इसकी कुछ खास गुण या विशेषताएं हैं जिन्हें समझना बहुत जरुरी है खासकर उनके लिए जो चेतना को बदलना चाहते हैं। 




*चेतना के कुछ खास गुण और पूंजीवादी मार्केट द्वारा उनका इस्तेमाल* 




आज से हजारों साल पहले पैदा हुए बुद्ध और सुकरात ने भी सोचा था कि इंसान अतार्किक व्यवहार क्यों करता है या गलत धारणाओं से चिपक क्यों जाता है? 




हमारी चेतना के खास विकास पथ के कारण इसमें कुछ biases और बिल्ट इन टेम्पलेट्स या हार्ड वायर्ड पैटर्न छुपे हुए हैं जो प्रतिदिन हमारे द्वारा लिए जाने वाले हमारे निर्णयों को काफ़ी प्रभावित करते हैं।




20वीं शताब्दी की शुरुआत में एथोलॉजी में हुए कोनर्ड लोरेंज (Konard Lorenz) और निकोलस टिनबेर्गेन (Nikolaas Tinbergen) के प्रयोगों ने जीवों के व्यवहार के बारे में एक काफ़ी महत्वपूर्ण बात खोजी। इनका प्रयोग इस चीज़ को लेकर था कि बतख के बच्चे पैदा होने के बाद अपने माँ के पास ही जाकर क्यों चोंच मारते हैं, वो किसी पेड़ या अन्य जीव के पास क्यों नहीं जाते? बतख की इस प्रजाति के बच्चों के बारे में जब ये पता चल गया कि वो माँ की पीली चोंच और उसपर बने लाल रंग के बिंदु से उसको पहचानते हैं और खाने के लिए चोंच मारते हैं। इसपर उन लोगों ने पहले मरे हुए बतख की चोंच उनके सामने ले गए जिससे चूजे खाने के लिए उत्साहित होकर चोंच मारने लगे। आगे इस प्रयोग में जब चूजों के सामने कार्डबोर्ड से बने नकली चोंच ले जाये गए, जो उन फीचर्स (पीली चोंच पर लाल बिंदु) को और भड़काऊ रूप में बनाये गए थे उनको देखकर चूजे और ज्यादा उत्तेजित हो गए। इन प्रयोगों ने दिखाया कि हमारे दिमाग़ में कुछ बिल्ट इन टेम्पलेट्स होते हैं जिनके प्रति हम स्वतः आकर्षित या सचेत होते हैं। और कई बार इनके नकली या भड़कीले रूप हमारे अटेंशन को हाइजैक कर सकते हैं।


जैसे कि हमारे मस्तिष्क में विपरीत लिंग के शरीर का एक हार्डवायर्ड टेम्पलेट है जिसकी वजह से हमें इंसान के शरीर के खास शेप, कर्व्स आकर्षित करते हैं। कुछ खास तरीके के प्राकृतिक टेस्ट जैसे मिठास, नमकीन अच्छे लगते हैं और हमारे ब्रेन में रिवॉर्ड सिस्टम को stimulate करते हैं। पर इनके साथ समस्या ये है कि इनको बेवकूफ बनाया जा सकता है जैसे कि लोरेंज और टिनबेर्गेन के प्रयोग में हुआ। 


इन बिल्ट इन टेम्पलेट्स या supernormal stimulus स्टिमुलस का आज मार्केट बहुत धड़ल्ले से प्रयोग कर रहा है। पहले जब चेतना के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी तब भी बाइंग पैटर्न, स्टोर बेहेवियर, एडवरटाइजिंग आदि पर अध्ययन करके मार्केट इसका इस्तेमाल करता था। पर आज जब हम न्यूरल, बायोकेमिकल लेवल पर मस्तिष्क के बारे में उतरोत्तर रूप से ज्यादा जानने की तरफ बढ़ रहे हैं ऐसे स्टिमुलस का पता लगा रहे हैं जो हमारे दिमाग़ में हार्ड वायर्ड हैं और रिवॉर्ड हार्मोन यानी pleasure से जुड़े हैं, और जिनको आसानी से ट्रिक किया जा सकता है। और यही चीज़ इसको ख़तरनाक बना देती है जिसका मार्केट व्यापक इस्तेमाल कर रहा है। आज तमाम कम्पनियां न्यूरोलोजिस्ट और अन्य लोगों की टीम हायर कर रहे हैं जो प्रोडक्ट डिज़ाइन से लेकर एडवरटाइजिंग तक में ऐसे स्टिमुलस का इस्तेमाल करके चेतना को मैनीपुलेट करने वाली चीजों को तैयार कर रहे हैं। ऐसे सेंट्स, फ्लेवर्स, कलर कॉम्बिनेशन्स, डिज़ाइन की खोज कर रहे हैं जो इंसानों में, खासकर हमारे बच्चों में उन वस्तुओं का लगातार उपभोग करने की एक irresistible urge पैदा कर सकें। इस परिघटना को न्यूरल मार्केटिंग कहा जाता है जो आज तेजी से बढ़ रही है। न्यूरो मार्केटिंग करने वाली कंपनियों में coca-cola, Hyundai, Frito-Lay, Facebook, Givaudan जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं।


दूसरा टारगेट ऑडीयंस की मानसिकता या चेतना को पढ़ना और उसके हिसाब से प्रोडक्ट डिज़ाइन करना। इसके लिए तमाम age ग्रुप, जनरेशन्स (मिलेनियल्स, जेन ज़ी, अल्फा, बीटा आदि) की मानसिकता को समझना जो की आज सोशल मीडिया के ज़माने में बहुत आसान और त्वरित हो चुका है। अब तो हम प्रोफाइल बेस्ड पर्सनल recommendations के युग में प्रवेश कर चुके हैं। पूंजीवादी मार्केट जब हर जनरेशन और यहाँ तक कि व्यक्तियों के लिए खास तौर से चीजें बना, रेकमेंड और सेल कर रहा है वहाँ समाज को सही दिशा में ले जाने की इच्छा रखने वाले लोग (चाहें वो लेफ्ट से हों या राइट से) " सब धान बाइस पसेरी" का नारा अभी भी लगा रहे हैं, सारी जनता को कुछ घिसे पिटे नारों से जगाने के भ्रम को पाले बैठे हैं। चेतना पर रिसर्च कहते हैं कि जब चेतना एकबार भड़काऊ टेम्पलेट्स का स्वाद ले लेती है उसे पुरानी सामान्य चीजें फिर भाती ही नहीं हैं। यही कारण है कि जनता को रील्स से वापस किताबों तक लाना बहुत मुश्किल हो गया है। 




एक अन्य उदाहरण लें तो इंसान की चेतना के बारे में हुए रिसर्च कहते हैं कि ज्यादातर आम इंसान आंकड़ों की बजाय कहानियों से ज्यादा जुड़ाव महसूस करते हैं। उनमें तर्क की बजाय भावनाओं की तरफ झुकने की भी एक प्रवित्ति होती है। इसको मार्केट ने तमाम तरीके से इस्तेमाल किया। आजकल तमाम NGO लोगों को डेटा बताने की बजाय कहानियां बताते हैं। और वो काम भी करते हैं। कहानियों के लिए हमारी स्मृति में जगह बनाना बहुत आसान होता है। जैसे सीरिया रिफ्यूजी क्राइसिस के दौरान दो साल के बच्चे एलन कुर्दी की समुद्र तट पर औधे मुँह पड़ी हुईं निर्जीव शरीर की तस्वीर ने इस आंकडे से ज्यादा लोगों को प्रभावित किया कि उस क्राइसिस में लगभग 3,06,877 लोग मारे गए और दसियों लाख विस्थापित हो गए। 




चेतना को समझना कई व्यवहारिक सवालों में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। जैसे कि वर्तमान में लोगों की चेतना का अध्ययन करके ये ऑपरेटिव पार्ट निकाला जा सकता है की लोगों की चेतना को रैशनल बनाना और अपनी समस्याओं की व्यवस्थागत जड़ों को समझना अहम कार्यभार है। पर चेतना को रैशनल बनाया कैसे जाय, इसका जबाब चेतना की गहरी समझदारी की मांग करता है। 


दूसरा कि वर्त्तमान समय में लोगों की चेतना से जुड़ने के प्रभावी भौतिक माध्यम (रिसर्च कहती है कि वीडियो ग्राफ़िक माध्यम ज्यादा कारगर है)। 


तीसरा आलोचना-आत्मालोचना आधारित सामूहिक निगरानी प्रणाली का लोगों के मनोविज्ञान पर असर आदि ऐसे तमाम सवाल हैं जो सामाजिक परिवर्तन के प्रोजेक्ट के लिए महत्वपूर्ण हैं। 






*चेतना और पदार्थ: आगे कौन?*




मेरी समझ से एकबार चेतना के पैदा हो जाने के बाद चेतना और पदार्थ द्वन्द में होते हैं, उनमें कोई आगे या पीछे नहीं चलता। अगर राखी की analogy उधार लूँ तो चेतना और पदार्थ पंखे (fan ) के ब्लेडस की तरह एक दूसरे के पीछे चलते हुए दिखाई दे सकते हैं पर वास्तव में ये उनको देखने की सापेक्षिक स्थिति पर निर्भर करता है। बड़े स्तर पर देखें तो इतिहास के विकास के साथ कभी भौतिक परिस्थियां जैसे कि प्राकृतिक आपदा, युद्ध, तकनीकी अविष्कार आदि सामाजिक चेतना को बहुत गहराई से प्रभावित करते हैं तो कई बार चेतना की भूमिका ज्यादा लिडिंग पोजीशन में जाती हुईं दिखती है, जिसका कि समाजवादी विचार अपने आप में ही एक बड़ा उदाहरण हैं। यही प्रोसेस ऊपर से नीचे तक तमाम स्तरों पर चलता रहता है। इसके साथ ही ये भी jकहा जा सकता है कि संज्ञान के दौरान चेतना पदार्थ के पीछे होती है, पर जब वो लौटकर पदार्थ जगत को बदलती है तब वह पदार्थ से आगे होती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि चेतना की कल्पनाशक्ति और तर्क क्षमता प्राप्त संज्ञान में एक "क्रिएटिव एडिशन" या बदलाव करके उसको वापस पदार्थ जगत में मनचाहे बदलाव करने के लिए आगे प्रस्तुत करती है। इसलिए पदार्थ की तरफ वापस लौटते समय चेतना पदार्थ से आगे चलती है। 




तो सारांश यह है कि इंसानी चेतना केवल पदार्थ जगत को प्रतिबिम्बित करने और उससे निष्कर्ष निकालकर एक्शन के रूप में वापस पदार्थ जगत को बदलने से ज्यादा कुछ है। ज्यादा कुछ इस रूप में नहीं कि इसमें कोई पराभौतिक तत्व मौजूद है बल्कि इस रूप में कि मानवीय चेतना कि कुछ खास विशेषताएं हैं। ऐसी विशेषताएं जो चेतना के बायोकेमिकल, जेनेटिक, एवोलुशनरी, न्यूरल नेटवर्क आदि से जुड़ी हुईं है जो कि हमारे करोड़ों सालों के उदविकास का परिणाम है। जैसे कि हमारी इमोशनल बनावट। हमारी चेतना में बायोकेमिकल्स यानी हमारे हार्मोन्स का प्रभाव व हमारी डिफाल्ट मेन्टल सेटिंग इत्यादि। 


इसलिए सामाजिक बदलाव बिना लोगों की चेतना में बदलाव किये संभव नहीं है, और लोगों की चेतना में बदलाव करने के लिए लोगों की सामाजिक आर्थिक परिस्थितियों के साथ-साथ खुद चेतना (consciousness in itself) को समझना बहुत जरुरी है। 

15 August 2020

स्वतंत्रता दिवस : यह ठहरने का नहीं संघर्ष करने का वक़्त है।

 


✍️ टीम इंक़लाब 

आज से 73 साल पहले भारत को अंग्रेजी गुलामी से आज के दिन ही आज़ादी मिली थी। अंग्रेजी दासता के खिलाफ लड़ने वाले लाखों लोगों ने जेल की सजाएँ काटी, कालापानी की अमानवीय यातनाएँ झेलीं और कितने माताओं के बेटों ने हँसते-हँसते फाँसी के फंदों को चूम लिया। महात्मा गाँधी के समझौता-दबाव और अहिंसा के आंदोलनों ने बड़े पैमाने पर लोगों को जागृत और एकताबद्ध जरूर किया पर केवल उसके कारण अंग्रेजी हुक़ूमत कभी भारत नहीं छोड़ती।  1857 के विद्रोह की पहली चिंगारी फूटने के बाद भारत में अंग्रेजी साम्राज्यवाद के खिलाफ कई विद्रोह हुए। चटगाँव विद्रोह, गदरी आंदोलन, भगतसिंह और उनके साथियों का विद्रोह, नौसेना विद्रोह, सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में आज़ाद हिंद फौज की कार्यवाही, सीपीआई की मज़दूर यूनियनों के नेतृत्व में देशव्यापी आम हड़तालें, तालाबंदी आदि तमाम संघर्षों की बदौलत अंग्रेजों को लग गया कि उनका भारत में टिके रहना मुश्किल है। इस अंदेशे से उन्होंने किसी बड़े विद्रोह के द्वारा उखाड़ फेके जाने की बजाय समझौतापूर्वक भारत के जमींदारों, पूंजीपतियों और उनकी नुमाइंदगी करने वाली कांग्रेस को सत्ता सौपकर जाना बेहतर समझा। 15 अगस्त 1947 को अंग्रेज तो चले गए पर हम पूरी तरीके से आज़ाद नहीं हो पाए। भगतसिंह ने 1930 में ही कहा था कि गाँधी और कांग्रेस के रास्ते जो आज़ादी आएगी उसमें बस इतना होगा कि सत्ता गोरे अंग्रेजों के हाथ से निकलकर भूरे अंग्रेजों के हाथ में आ जायेगी। आज़ादी का फल मुठ्ठीभर ताकतवर और अमीर हिंदुस्तानियों की तिजोरी में समाकर रह जायेगा। साथ ही आने वाले समय में जाति-धर्म के झगड़ों की भीषण आग में देश झुलसता रहेगा। 

   भगतसिंह की कही बात आज पूरी तरह से खरी साबित हुई है। पिछले 73 सालों में कांग्रेस, जनता पार्टी, बीजेपी और तमाम क्षेत्रीय दलों की सरकारें बनी और सबने देश की आम जनता के साथ धोखा ही किया। सबने मुठ्ठीभर अमीर और ताकतवर पूंजीपतियों की ही सेवा की। जनता के टैक्स के पैसों से इन पूंजीपतियों की जेबें भरी गयीं। कर्ज़ लेकर डुबोने वाले, कर्ज़ लेकर भागने वाले धन्नासेठों के कर्ज माफ किये गए। जनता के खून-पसीने से खड़े किए गए राजकीय उद्योग औने पौने दाम पर पूंजीपतियों को बेच दिए गए। नए-नए करों का बोझ जनता पे लादा जाता रहा। दूसरी तरफ अंग्रेजों की बांटों और राज करो कि नीति का अनुसरण करते हुए लोगों को जाति-धर्म के नाम पर लड़ाया भी गया। आज हालात यहाँ तक पहुँच चुके हैं कि अर्थव्यवस्था डूबने के कगार पर है, बेरोजगारी चरम पर पहुँच चुकी है, महंगाई आसमान छू रही है। जबकि साम्प्रदायिकता का उन्माद अपने चरम पर है। वर्तमान बीजेपी सरकार भी पिछली सरकारों की तरह ही अम्बानी, अडानी, मित्तल, बिरला जैसे पूंजीपतियों की सेव्ष्टआ में लगी हुई है। BPCL, एयर इंडिया, LIC, शिपिंग कारपोरेशन आदि सरकारी उद्यम या तो बिक चुके हैं या बिकने के कगार पर हैं। हाल ही में 23 पीएसयू बिकने की खबर आई। रेलवे के स्टेशन और रूट तो बेचने शुरू हो चुके हैं। कोरोना से पूरे देश की हालत खराब है, 47 हज़ार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं तो दूसरी तरफ चीन, पाकिस्तान और राम मंदिर को मुख्य मुद्दा बनाकर जनता को भटकाने की कोशिशें जारी हैं। स्पष्ट है कि ऐसा भारत बनाने के लिए हमारे शहीदों ने अपनी जानें नहीं दी थीं। यह जिम्मेदारी अब हम नौजवानों को अपने कंधों पर उठानी होगी। भारत में पूंजीपतियों की सेवा करने वाली सभी राजनीतिक पार्टियों को सत्ता से बेदखल करके न्याय और समानता पर आधारित एक नयी व्यवस्था का निर्माण ही हमारा मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। इसके लिए देश के कोने-कोने में लोगों को इस क्रांतिकारी बदलाव के लिए जागृत और संगठित करना ही आज का सबसे प्रमुख कार्यभार है। अगर हम एक बेहतर भारत और बेहतर विश्व का निर्माण कर पाए तो यही उन शहीदों को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


इंक़लाब

ज़िंदाबाद

17 May 2020

पालघर लींचिंग : बारूद की ढेरी बनता हमारा समाज


✍️ राघवेंद्र तिवारी

आज कल पालघर एक जघन्य घटना से चर्चा में बना हुआ है।  मुम्बई से लगभग 120 किलोमीटर दूर स्थित पालघर नगरपालिका में आने वाले गढ़चिंचले गाँव में 16 अप्रैल को एक उन्मादी भीड़ ने तीन संतो को पीट-पीट कर मार दिया। जिन तीन संतो को पीट-पीट कर मार दिया गया उनकी पहचान कल्पवृक्ष गिरी, सुशील गिरी और नीलेश के रूप में हुई। ये तीनों संत मुम्बई से सूरत अपने किसी परिचित के अंतिम संस्कार के शामिल होने जा रहे थे। ये लोग मुम्बई से सूरत मेन हाइवे से जाने को थे लेकिन बार्डर पूरी तरह से सील होने के कारण पुलिस ने इन्हें जाने से रोक दिया। संतो ने मुम्बई से सूरत जाने के लिए गाँवो से होकर जाने वाले रास्ते का सहारा लिया। गाँव के रास्ते से होकर जा रहे संत जब पालघर जिले की कासा पुलिस थाने के गढ़चिंचले गाँव के पास वन विभाग के नाके पर पहुँचे तो वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा इन्हें रोका गया। नाके पर पूछ ताछ के दौरान वहाँ ग्रामीण भी इकट्ठा होने लगे। ग्रामीणों और संतो में कुछ तूतू-मैं मैं हुई और  ग्रामीणों की उस भीड़ ने संतो पर हमला कर दिया। ग्रामीणों को संदेह हुआ कि ये लोग बच्चा चोर गिरोह से हैं। इसके बाद भीड़ उन तीनों लोगों पर टूट पड़ी। लोग लात-घूसों, लाठी, डंडों से लगातार प्रहार करने लगे। इस घटना के दौरान वहाँ पुलिस भी पहुँची पर लोगों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया तथा पुलिस की गाड़ी पलट दी। फिर पुलिस ने भी उनको बचाने की कोशिश लगभग छोड़ ही दी। नतीजतन पुलिस के सामने ही तीनों को भीड़ मारती रही और तीनों की मौत हो गयी। इस भीड़ द्वारा की गई मॉब लिंचिंग का वीडियो वायरल हो गया। वह वीडियो आपको विचलित कर सकती है कि जिस समाज में हम रहते हैं वहाँ कैसे लोग हैं। इंसानियत को शर्मसार करती इस घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया। पालघर में जो भी हुआ वो एक समाज में बढ़ रही हत्यारी भीड़ की मानसिकता  दिखाने के लिए पर्याप्त है।

आखिर यह घटना कैसे हुई?
पालघर जिले के गढ़चिंचले गांव में और उसके आसपास के गाँवो में पिछले कई दिनों से बच्चा चोरी की अफवाह फैली हुई थी इसके बाद गांव के लोग आपसी समूह बनाकर गांव की निगरानी करना शुरू कर दिए थे। गांव के लोग बच्चा चोरी गिरोह के फैले अफवाह से डरे हुए थे। इस घटना से पहले पास के गांव में आदिवासियों की मदद करने जा रहे एक डॉक्टर के ऊपर भी हमला हुआ था यह हमला भी बच्चा चोरी गिरोह की निगरानी करने वाले समूह ने किया था। डॉक्टर को बचाने गई पुलिस पर भी इस समूह ने हमला कर दिया था, जिसमें पुलिस वाले भी जख्मी हो गए थे। 16 अप्रैल के इस घटना की मुख्य वजह बच्चा चोरी गिरोह की फैली अफवाह ही थी।  बच्चा चोर गिरोह की झूठी अफवाह कई सालों से भारत के विभिन्न क्षेत्रों में फैली हुई है। झूठी अफवाह से ना जाने कितनों को पीट-पीटकर मार दिया गया जो खबर भी नहीं बन पाईं। पालघर घटना को ही देख लीजिए, 16 अप्रैल की घटना 19,20 अप्रैल तक मुख्य मीडिया में नहीं आई। अगर अखाड़ों और संत समाज का दबाव और सत्ता पक्ष की राजनीतिक दिलचस्पी ना होती तो यह घटना अन्य तमाम मॉब लीनचिंग की तरह एक आँकड़ा बनकर रह जाती। यदि संतो की जगह कोई और आम नागरिक होता तो शायद इस घटना पर मीडिया और सत्ताधारी पार्टी को इतना मसाला नहीं मिलता।
   संतो के साथ जो हुआ वो बेहद शर्मनाक है लेकिन इस तरह के अफ़वाहों को समाज मे जगह कैसे मिलती है ये भी सोचना होगा। यूपी के पूर्वांचल में अभी कुछ महीनों पहले इसी अफवाह के चलते कितने राह चलते लोगों पर हमले हुए। एक घटना तो मुझे भी याद है जब एक व्यक्ति अपने ही लड़के को लेकर जा रहा था और लड़का किसी कारणवश रोने लगा बच्चे की आवाज सुनते ही वहाँ कुछ लोग आ गए और उस व्यक्ति पर हाथ उठा दिए। बहुत मुश्किल से वह व्यक्ति उस भीड़ को यह समझा पाया कि यह दो साल का बच्चा उसका खुद का ही बच्चा है। उस दिन वह व्यक्ति इस तरह की बच्चा चोरी की फैली अफवाह का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। लेकिन अक्सर देखा गया है कि झूठी अफवाहें समाज मे बहुत तेजी से पैर पसारती हैं और इस तरह की अफवाहें एक जगह से दूसरी जगह पहुँचते-पहुँचते बढ़ती जाती हैं लोगों को सच सी लगने लगती हैं। ग्रामीण क्षेत्रो में लोग डर और खौफ में जीने लगते हैं। सवाल यह है कि जब इस तरह की अफवाहें समाज में फैलती हैं तो प्रशासन इस पर क्या करती है? क्या इस तरह की अफवाहों की जानकारी पुलिस प्रशासन को नहीं होती? प्रशासन समाज मे फैली झूठी अफवाहों को सार्वजनिक रूप से खंडित क्यों नहीं करते?  सरकारें जनता के बीच सुरक्षा की भावना स्थापित क्यों नहीं कर पाती? आम नागरिक इन अफवाहों को बिना सत्यापित किये सच क्यों मान लेते हैं? अगर किसी को ऐसी किसी भी घटना के बारे में जानकारी मिलती है तो वो पुलिस से सम्पर्क क्यों नहीं करता? अगर किसी को संदेह मात्र होने पर पकड़ भी लिया तो पुलिस के हवाले करने के बजाय खुद फैसला कैसे ले लेते हैं?  अगर सामने वाला गुनहगार भी हो तो इसका फैसला कोर्ट करेगी या एक उन्मादी और हताश भीड़? इस तरह की भीड़ आज कैसे तैयार हो रही है जो कभी गाय काटने की अफवाह तो कभी बच्चा चोरी की अफवाह के नाम पर लोगों की हत्या कर देती है? ऐसे बहुत से सवाल एक न्यायप्रिय इंसान के जेहन में आयेंगे।
इस भीड़ ने ना जाने कितनों का जीवन निगल लिया, कितने बेगुनाहों को उनके अपनों से हमेशा के लिए दूर कर दिया। समाज मे भीड़ के न्याय को जायज ठहराने वाले भी उतने ही गुनहगार होते हैं जितना कि करने वाले। मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर समाज मुख्य तीन धाराओ में बंटा दिखता हैं।
1. पहले वह लोग जो किसी भी घटना पर सवाल उठाते हैं और उस घटना के जांच की मांग करते हैं। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा की मांग करते हैं, गुनाहगार चाहे किसी भी धर्म-जाति से का हो।
2. दूसरे वह लोग होते हैं जो इन सभी घटनाओं पर कुछ भी नहीं बोलते और कहीं ना कहीं अपनी चुप्पी से गुनहगारों के पक्ष में ही हो जाते हैं, क्योंकि गलत के खिलाफ ना बोलना भी गुनाह को बढ़ावा देना होता है।
3. तीसरे वह लोग होते हैं जो किसी भी घटना को अपने राजनीतिक फायदे और नुकसान को देखकर उठाते हैं।  किसी भी घटना को सांप्रदायिक बनाने का खेल यहीं से शुरू होता है पालघर घटना को भी सांप्रदायिक बनाने का भरपूर प्रयास किया गया। बड़े-बड़े न्यूज़ एंकर और हिंदुत्ववादियो ने उस घटना का कुछ सेकंड का वीडियो वायरल करके मुस्लिम समुदाय को टारगेट किया। उस कुछ सेकंड के वीडियो में दावा किया गया कि हमला कर रहे लोगों में से कोई व्यक्ति यह कह रहा है कि "मार शोएब मार" इस वीडियो के साथ यही मैसेज दो-तीन दिनों में पूरे भारत में फैल गया। सोशल मीडिया और मुख्य मीडिया के कुछ एंकरों ने भी यही दावा कर दिया कि वीडियो में कोई "मार  शोएब मार" कह रहा है। इस घटना से पूरे देश का माहौल खराब किया जा रहा था और मुस्लिम समुदाय के प्रति नफरत भरा जा रहा था। इसका परिणाम बहुत बुरा हो सकता था लेकिन आल्ट न्यूज़ (altnews.in) ने अपनी पड़ताल के बाद साफ कर दिया कि लोग "बस ओये बस" चिल्ला रहे थे। पिछले कुछ सालों से मुस्लिमों के खिलाफ मीडिया ने एक ऐसा नैरेटिव बना दिया गया है कि किसी भी घटना में हिंदू मुस्लिम ढूंढ लेते हैं। वर्तमान सत्ता शीर्ष पर बैठे लोग इस प्रयास में लगे हुए हैं कि देश का बहुसंख्यक मुस्लिमों के ख़िलाफ़ हो जाये। इसके लिए उनसे बताया जाता है कि मुस्लिमों से हिन्दू अस्मिता को खतरा है। इस खतरे के डर  के आगे उसे बेरोजगारी, भुखमरी, महंगाई और भ्रष्टाचार कुछ भी नहीं दिखता। बहुसंख्यक आबादी का बड़ा हिस्सा सत्ता के साथ इस तरह के मुस्लिम विरोध में शामिल है।

भीड़ द्वारा लिंचिंग की कुछ घटनाएं-
1. जुलाई 2018 में रकबर खान को गाय तस्करी करने के शक में गौरक्षकों की भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। राजस्थान के अलवर का रहने वाला रकबर खान अपने एक मित्र के साथ एक रात को पालने के लिए जब गाय लेकर जा रहा था तब एक भीड़ ने उसपर हमला कर दिया और उसे मार दिया। हमले के तार विश्व हिन्दू परिषद के एक नेता से भी जुड़े लेकिन पुलिस ने उसे आरोपी बनाया ही नहीं।

2. पहलू खान दूध का व्यापार करता था। अप्रैल 2017 में उसे गौकशी के शक में लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला। उसकी हत्या के लिए जिन 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया और केस चला उनमें 6 को क्लीन चिट मिल चुकी है व बाकी 3 नाबालिक हैं यानी किसी को भी सज़ा नहीं मिली। उसके घर वालों के लिए यह भुला पाना आज तक सम्भव ना हो सका।
3. अखलाक को भी उसके ही गांव के लोगों ने उसपर बीफ रखने का आरोप लगाते हुए पीट-पीटकर मार डाला। गाँव के कुछ लोगों ने वाट्सएप्प ग्रुप बनाया था जिसमें यह चर्चा थी कि मुस्लिम बीफ खा रहे हैं। अखलाक का परिवार उस गांव में अकेला मुस्लिम परिवार था। अखलाक की मौत के बाद पूरा परिवार आज तक डरा हुआ है।
4. इंस्पेक्टर सुबोध को कौन भूल सकता है जिसने गौ हत्या के शक में बुलंदशहर में हुए हिंसक प्रदर्शन को रोकने के लिए अपनी जान गवाई। इंस्पेक्टर सुबोध की हत्या का मुख्य आरोपी बजरंग दल का कार्यकर्ता बताया गया था।
5. झारखंड में 6 लोगों को भीड़ ने बच्चा चोरी की अफवाह में पीट पीटकर मार दिया। पुलिस ने जाँच में पाया कि कुछ समय से वाट्सएप्प ग्रुप बनाकर आसपास के गाँवों में बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह फैलाई जा रही थी।

6. झारखंड के तबरेज अंसारी को जून 2019 में एक भीड़ ने पोल से बांधकर पीट पीटकर मार दिया। दिसंबर 2019 में कोर्ट ने 13 में से 6 आरोपियों को इसलिए जमानत दे दिया क्योंकि वीडियो से यह पता नहीं चल रहा था कि आखिर किसके वार से तबरेज की मौत हुई है।
हमारे देश मे ऐसी बहुत सी घटनाएं हुई जो 21वीं शताब्दी में हमारे समाज में बढ़ रही बर्बरता की प्रतिनिधि उदाहरण थीं। ज्यादातर घटनाओं में यह देखने में आया कि इनके पीछे सोशल मीडिया  पर अफवाह फैलाकर लोगों के रक्षा दल बनाना, निगरानी करना और संदिग्ध व्यक्तियों पर हमले करना था। के जगह ऐसे लोग पुलिस के साथ भी कोआर्डिनेट करते थे व ऐसे लोगों को राजनीतिक समर्थन भी हासिल था।  पूर्व में हुई घटनाओं पर अगर  निष्पक्ष जांच हुई होती तो पालघर जैसी घटनाएं नहीं होती।

पालघर मॉब लिंचिंग सत्ताधारी पार्टी के समर्थकों के दोगलेपन की एक झलक है। पिछले 6 सालों में जितनी लिंचिंग हुई उन पर हत्यारों के मजहबी नारे ने न्याय, मानवता, कानून, संविधान सब को ताक पर रख दिया। सामाजिक कार्यकर्ताओं से लेकर किसी धर्म विशेष के लोगों के साथ हुई घटनाओं पर राजनेताओं का हत्यारों के पक्ष में बोलना, उनके जेल से निकलने पर स्वागत करना, उनके लिए तिरंगा यात्रा निकालना, भारत माता और वंदे भारत के उद्घोष  के साथ हत्यारों को हीरो बनाकर पेश करना आज की होने वाली मॉब लिंचिंग का आधार है! आज जब पालघर जैसी घटनाएं हमारे सामने हो रही हैं तो एक बार पीछे मुड़कर उन घटनाओं पर भी नजर डालना चाहिए जो पिछले कुछ सालों से हो रही हैं। उन घटनाओं पर अगर पहल किया गया होता तो आज जगह-जगह ऐसी घटना सुनने और देखने को नहीं मिलती जिनसे इंसानियत भी शर्मसार हो जाए। जरा सोचिए गौरी लंकेश की हत्या पर उसे कुत्तिया किसने बोला और उसका बचाव किसने किया? तबरेज अंसारी को जिसने मारा उसके साथ सत्ता पक्ष के केंद्रीय मंत्री फोटो खिंचा रहे थे! अफराजुल को मारकर पेट्रोल छिड़ककर जला दिया गया और उसके हत्यारों के पक्ष में हजारों लोगों द्वारा उच्च न्यायालय के छत पर भगवा झंडा लगा दिया गया।
आज सोशल मीडिया और मुख्य धारा मीडिया जिस तरीके से लोगों में नफरत भर रहे हैं यह नफ़रत जो लोगों के मन में एक ज़हर की तरह एकत्रित हो रही है वो भीड़ के रूप में इसी तरह सड़कों पर अपना रूप दिखाएगी। मीडिया और सत्ताधारी पार्टी की साम्प्रदायिक प्रचार मशीनरी ने समाज को एक बारूद की ढेरी में तब्दील कर दिया है जिसमें अफवाह की एक छोटी चिंगारी विध्वंसक परिणाम देती है।

कलबुर्गी, पानसरे, दाभोलकर व अन्य ऐसे कितने नाम है जो इसी सभ्य समाज की बेहतरी के लिए काम करते-करते मारे गए। इन सभी घटनाओं पर हमारी चुप्पी का परिणाम आज हमारे सामने हैं।

हरिशंकर परसाई के शब्दों में अगर कहा जाय तो दिशाहीन बेकार हताश व विध्वंसकारी युवाओं की भीड़ सत्ता ने खड़ी कर रखी है। इसका प्रयोग जरूरत अनुसार सत्ता धारी करते रहते हैं। यह भीड़ किसी भी ऐसे संगठन या सत्ता के साथ चल देती है जो धार्मिक उन्माद या तनाव पैदा कर सकते हैं। यही भीड़ फासिस्टों का हथियार होती है। भारत में यह भीड़ बढ़ रही है और यह भीड़ हमारे आपके घरों तक भी पहुँचे इससे पहले हमें जागना पड़ेगा।

10 March 2020

गुलामी के आठ लक्षण: क्या हम मानसिक गुलाम बन चुके हैं?



✍🏼 नितेश शुक्ला

आज के दौर में मानसिक गुलामी समाज के विकास में एक बड़ा रोड़ा साबित हो रही है। दिमागी गुलामी इसलिए ख़तरनाक है क्योंकि मानसिक रूप से गुलाम व्यक्तियों का इस्तेमाल धर्मगुरुओं से लेकर राजनेताओं, विज्ञापन कंपनियों, उत्पाद विक्रेताओं द्वारा आसानी से किया जा सकता है। ऐसे लोगों से फिर अपने मन मुताबिक कार्य करवाया जा सकता है। साथ ही मानसिक रूप से गुलाम व्यक्ति सामाजिक बदलाव के पहिए को पीछे की ओर मोड़ने की कोशिश करने लगते हैं। वे अपनी मानसिक जड़ता से ही चिपक जाते हैं और सामाजिक परिवर्तन के ख़याल मात्र से घबरा जाते हैं।
ऐसा नहीं है कि यह कोई नई चीज है। हमारे कई पूर्वजों जैसे महात्मा बुद्ध, राधा मोहन गोकुल,  शहीद भगतसिंह, पेरियार, डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर, महापंडित राहुल सांकृत्यायन आदि ने लोगों की मानसिक जड़ता और गुलामी पर लिखा और उसको दूर करने की दिशा में काम किया। उन्होंने भारत के लोगों से  मानसिक बेड़ियों को तोड़कर फेंक देने का भी आह्वान किया। उनके विचारों का अगर संक्षिप्त में सार निकाला जाए तो निम्नलिखित बातें सामने आती हैं जो किसी व्यक्ति के मानसिक गुलाम होने का संकेत देती हैं- 

गुलामी के आठ लक्षण:

1. किसी की कही गयी बात को परखे बिना उसपर आँख मूंद कर भरोसा कर लेना दिमागी गुलामी है।

2. ज्ञान का आधार तर्क को न समझना बल्कि किसी बात को बस इसलिए सही मान लेना क्योंकि उसे किसी बड़े व्यक्ति, पूर्वज, नेता या किताब ने कहा है, ये उससे भी बड़ी गुलामी है। 

3. अपने प्रिय नेता/अभिनेता/पार्टी के गलत कामों पर भी सफाई देते रहना, उसका पक्ष लेते रहना, ये तीसरी सबसे बड़ी गुलामी है।

4. कुरीतियों या परम्पराओं का बस इसलिए पालन करते रहना क्योंकि हमारे पूर्वज भी ऐसा करते थे, ये चौथी सबसे बड़ी गुलामी है। 

5. जीवन में पूरे समाज के कल्याण की दिशा में काम करने की बजाय भौतिक वस्तुओं की लालसा में ज़िंदगी गुजार देना पाँचवीं सबसे बड़ी गुलामी है।

6. खुद को अन्य जाति/धर्म/समुदाय के लोगों से श्रेष्ठ समझना और दूसरों को नीचा समझना, ये छठवीं तरह की गुलामी है।

7.  किसी समुदाय के एक व्यक्ति के गलती करने पर उस पूरे समुदाय को गलत ठहरा देना, उससे नफरत करने लगना, ये सातवें तरह की दिमागी गुलामी है। 

8. बहस में तर्क से हारने पर कुतर्क पर उतर आना और अपनी बात पर अड़ जाना आठवीं सबसे बड़ी गुलामी है।

कहा भी गया है- अपने समाज, परिवेश और दुनिया से अनजान व्यक्ति मूर्ख है, पर ऐसा व्यक्ति जो अपनी मूर्खता से भी अनजान है वो महामूर्ख है। इसलिए आइये हम- 
●तर्क को ज्ञान का अस्त्र बनाएं
●वैज्ञानिक सोच अपनाएँ
●संवेदनशील और न्यायप्रिय बनें।

31 October 2019

सावरकर: क्रांतिवीर या माफीवीर?


✍🏼 नितेश शुक्ला

विनायक दामोदर सावरकर को भारतरत्न देने की बीजेपी की सिफारिश के बाद आजकल एक बहस चल पड़ी है कि सावरकर एक स्वतंत्रता वीर थे या अंग्रेजों से माफी मांगने वाले कायर। महाराष्ट्र चुनाव के पहले बीजेपी के लिए यह बहस काफी फायदेमंद भी साबित हुई है। सावरकर आरएसएस-बीजेपी की हिंदुत्व की विचारधारा को सैद्धांतिक आधार देने वाले व्यक्ति थे इसीलिए आरएसएस और बीजेपी लगातार उनको स्वतंत्रता आंदोलन के मुख्य नेता के रूप में स्थापित करने की कोशिश करते रहते हैं। इसका कारण ये भी है कि 1925 में बने और अपने को देशभक्त और राष्ट्रवादी कहने वाले आरएसएस के पास एक भी स्वतंत्रता सेनानी नहीं है जिसे ये अपना कह सकें। इसलिए हिन्दू महासभा के नेता सावरकर को ही स्वतंत्रता आंदोलन के एक मुख्य चेहरे के रूप में दिखाने की कोशिश लगातार की जाती रही है। कुछ समय पहले जब राजस्थान में बीजेपी की सरकार थी तब इतिहास की किताबों में बदलाव करके सावरकर को ही आज़ादी की लड़ाई का मुख्य नेता दिखाने की कोशिश की गई थी। हाल ही में दिल्ली यूनिवर्सिटी में एबीवीपी ने रातों रात भगतसिंह और सुभाष चंद्र बोस के साथ सावरकर की त्रिमूर्ति लगा दी। काफी विरोध के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन के आदेश पर वो मूर्तियां हटा दी गईं। वास्तव में यह बस अभी शुरुआत है, आरएसएस आगे काफी ज़ोर-शोर से अपने नेताओं को भारतीय जनमानस और इतिहास में स्थापित करने की कोशिश करने वाला है। फिलहाल हम तथ्यों की पड़ताल करते हुए यह जानने की कोशिश करते हैं कि सावरकर का आज़ादी की लड़ाई में कोई योगदान था या नहीं।
सावरकर की राजनीति को ठीक से समझने के लिए उनके जीवन को दो हिस्सों में देखने की जरूरत है। पहला, 1911 में कालापानी जेल जाने से पहले के सावरकर और दूसरा, 1911 में जेल से अंग्रेजों को पहला माफीनामा लिखने के बाद वाले सावरकर। इन दोनों हिस्सों पर प्रकाश डालते हुए हम कुछ तथ्य रखेंगे जिससे पाठक यह खुद तय कर पाएंगे कि सावरकर का आज़ादी की लड़ाई में क्या योगदान था।

1911 के पहले के सावरकर
सावरकर का जन्म 1883 में महाराष्ट्र के नासिक जिले में हुआ। उन्होंने पहले फर्गुसन कॉलेज पुणे और आगे लंदन के ग्रे इन लॉ कॉलेज से कानून की पढ़ाई की। राजनीतिक जीवन की शुरुआत स्कूली जीवन से ही हो गयी थी। पुणे में रहने के दौरान अपने भाई के साथ अभिनव भारत की स्थापना की। अभिनव भारत सोसाइटी भारत में सशस्त्र क्रांति करके इसे आज़ाद कराना चाहती थी। लंदन में रहते हुए 1909 में उन्होंने 1857 के विद्रोह पर एक किताब "1857 का स्वतंत्रता संग्राम" लिखी जिसने आज़ादी की लड़ाई लड़ने वाले कई लोगों को प्रभावित किया। इस किताब में उन्होंने एक ऐसे भारत की ही कल्पना की थी जिसमें हर जाति-धर्म के लोग बराबरी और चैन से रह सकें। अंग्रेजों ने इस किताब को बैन कर दिया। सन् 1909 में इंग्लैंड में सावरकर के एक अनुयायी और मित्र मदन लाल ढींगरा ने एक जनसभा के दौरान एक ब्रिटिश अधिकारी विलियम हट कर्जन विली की हत्या कर दी। सावरकर ने इसका समर्थन किया व ढींगरा के समर्थन में लेख लिखा। लंदन में रहने के दौरान ही 1910 में क्रांतिकारी समूह 'इंडिया हाउस' की राजनीतिक गतिविधियों में शामिल रहने के लिए उनको गिरफ्तार किया गया और भारत भेजा गया। भारत आते समय उन्होंने जहाज से भागकर फ़्रांस में शरण लेने का प्रयास भी किया पर फ्रांसीसी अधिकारियों ने उन्हें पकड़कर ब्रिटिश अधिकारियों के हवाले कर दिया। आगे चलकर उनपर दो मामलों में सुनवाई चली, पहला नासिक के कलेक्टर जैक्सन की हत्या के लिए उकसाने और दूसरा राज्य के खिलाफ साजिश रचने की। दोनों मामलों में कोर्ट ने सज़ा सुनाते हुए उनको दोहरे उम्रकैद यानी 50 साल के कैद की सज़ा दी।


1911 के बाद के सावरकर
यह स्पष्ट है कि सावरकर कालापानी की सज़ा के पहले तक स्वतंत्रता के लिए एक क्रांतिकारी के रूप में काम कर रहे थे पर 1911 में कालापानी सेलुलर जेल जाने के बाद और वहां की  अमानवीय प्रताड़ना के बाद उनमें काफी बदलाव आया। जेल में जाने के डेढ़ महीने बाद ही अगस्त 1911 में अपना पहला माफीनामा लिखा। इसके बाद उनके माफिनामों का सिलसिला शुरू हुआ। सावरकर सज़ा से बचने के लिए अंग्रेजों को माफीनामे पर माफीनामे लिखते रहे। अपने माफिनामों मे एक जगह वो लिखते हैं-
"भारतीय राजनीति के ताज़ा घटनाक्रमों और सबको साथ लेकर चलने की सरकार की नीतियों ने संविधानवादी रास्ते को एक बार फिर खोल दिया है। अब भारत और मानवता की भलाई चाहने वाला कोई भी व्यक्ति, अंधा होकर उन कांटों से भरी राहों पर नहीं चलेगा, जैसा कि 1906-07 की नाउम्मीदी और उत्तेजना से भरे वातावरण ने हमें शांति और तरक्की के रास्ते से भटका दिया था।
इसलिए अगर सरकार अपनी असीम भलमनसाहत और दयालुता में मुझे रिहा करती है, मैं आपको यक़ीन दिलाता हूं कि मैं संविधानवादी विकास का सबसे कट्टर समर्थक रहूंगा और अंग्रेज़ी सरकार के प्रति वफ़ादार रहूंगा, जो कि विकास की सबसे पहली शर्त है।
....अगर हमें रिहा कर दिया जाता है, तो लोग ख़ुशी और कृतज्ञता के साथ सरकार के पक्ष में, जो सज़ा देने और बदला लेने से ज़्यादा माफ़ करना और सुधारना जानती है, नारे लगाएंगे।
इससे भी बढ़कर संविधानवादी रास्ते में मेरा धर्म-परिवर्तन भारत और भारत से बाहर रह रहे उन सभी भटके हुए नौजवानों को सही रास्ते पर लाएगा, जो कभी मुझे अपने पथ-प्रदर्शक के तौर पर देखते थे। मैं भारत सरकार जैसा चाहे, उस रूप में सेवा करने के लिए तैयार हूं,.... मुझे जेल में रखने से आपको होने वाला फ़ायदा मुझे जेल से रिहा करने से होने वाले होने वाले फ़ायदे की तुलना में कुछ भी नहीं है।
जो ताक़तवर है, वही दयालु हो सकता है और एक होनहार पुत्र सरकार के दरवाज़े के अलावा और कहां लौट सकता है। आशा है, हुजूर मेरी याचनाओं पर दयालुता से विचार करेंगे।"

मई 1921 में सावरकर का माफीनामा अंग्रेज सरकार ने स्वीकार कर लिया और उन्हें रत्नागिरी जेल में भेज दिया गया। अन्ततः जनवरी 1924 में सावरकर को जेल से इस शर्त पर रिहा कर दिया गया कि वो अगले पांच साल रत्नागिरी जिले से बाहर नहीं जाएंगे और किसी राजनीतिक गतिविधि में हिस्सा नहीं लेंगे। हालांकि ये प्रतिबंध 1937 में ही हटाया गया।
      कुछ लोग कहते हैं कि माफीनामा लिखना जिंदा रहने और देश सेवा करने की एक रणनीति थी, पर सावरकर ने 2 मई 1921 में अंडमान जेल से आने के बाद स्वतंत्रता आंदोलन में कभी हिस्सा नहीं लिया, उनकी राजनीति हिंदूवादी हो चुकी थी। अमरावती जेल में रहते हुए ही उन्होंने हिंदुत्ववादी राजनीति को वैचारिक आधार देने वाली किताब 'हिंदुत्व' लिखी। द्वितीय विश्वयुद्ध के समय जब वॉयसराय ने भारत को भी युद्ध में शामिल करने की घोषणा कर दी तब इसके विरोध में कांग्रेस के नेताओं ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया उस समय सावरकर की अध्यक्षता में हिन्दू महासभा ने मुस्लिम लीग के साथ मिलकर सरकार चलाई। साथ ही उन्होंने अंग्रेजों की सेना में हिंदुओं की भर्ती के लिए खुद कैम्प लगवाए, नारा दिया गया- "राजनीति का ही हिन्दुकरण करो और हिंदुओं का सशस्त्रिकरण करो"। 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन का विरोध भी सावरकर और हिन्दू महासभा द्वारा किया गया। इस प्रकार देखा जा सकता है कि रिहाई के बाद एक शब्द या एक कार्य से भी सावरकर अंग्रेजों के खिलाफ नहीं गए। अपने माफीनामे के मुताबिक ब्रिटिश सरकार के सेवक बने रहे और आज़ादी की लड़ाई को कमज़ोर करते रहे।


देश के बँटवारे की सबसे पहली परिकल्पना सावरकर ने दी थी
सावरकर खुद एक नास्तिक व्यक्ति थे, वे हिन्दू को एक धर्म की बजाय एक संस्कृति की तरह देखते थे। अपनी किताब "हिंदुत्व" में उन्होंने हिंदुत्व शब्द को गढ़ा और परिभाषित किया है। उनके अनुसार हिंदुत्व तीन बातों से तय होता है-
1.) इस भारतीय भूभाग (सिन्धुस्थान या हिंदुस्थान) से खून का रिश्ता होना। इस देश के पूर्वजों का रक्त उनमें बह रहा हो यानि वो एक ही जाति के हों।
2.) वे भारत को अपनी पितृभूमि के रूप में मान्यता देते हों।
3.) वो भारत की संस्कृति जो कि हिंदुत्व है उसको अपनी संस्कृति मानते हों।
दूसरे शब्दों में "एक राष्ट्र, एक जाति, एक संस्कृति।"
हिंदुत्व की संस्कृति के लक्षण सावरकर बताते हैं- "वही व्यक्ति हिन्दू है जो सिन्धुस्थान (हिन्दुस्थान) को केवल पितृभूमि ही नहीं पुण्यभूमि भी मानता हो।" इस लक्षण के आधार पर सावरकर कहते हैं कि मुस्लिम कभी भी हिंदुत्व के दायरे में नहीं आ सकते, क्योंकि उनकी पुण्यभूमि हिंदुस्थान में न होकर मक्का में है। इसके अतिरिक्त बाकी जितने भी समुदायों के लोग हैं चाहें वो वैदिक, आस्तिक, नास्तिक, एकेश्वरवादी (सिक्ख, जैन, बौद्ध इत्यादि) हों चूंकि उनकी पितृभूमि और पुण्यभूमि दोनों ही सिन्धुस्थान है इसलिए वो हिन्दू हैं। इसप्रकार सावरकर मुस्लिम लीग के द्विराष्ट्र सिद्धांत जैसे ही एक सिद्धांत का प्रतिपादन करते हैं।
सावरकर की इस किताब में हिन्दू धर्म का काफी महिमामंडन देखने को मिलता है। सावरकर ज्यादातर पुराणों, वेदों और मध्यकालीन काव्य रचनाओं को इतिहास के स्रोत के रूप में इस्तेमाल करते हैं। तथ्यपूर्ण व यथार्थवादी ऐतिहासिक संदर्भो का लगभग अभाव ही है। बीच-बीच में कपोल कल्पनाओं का काफी सहारा लिया गया है।

इसप्रकार देखा जा सकता है कि सावरकर के जीवन के दो हिस्से रहे हैं एक में वो क्रांतिकारी की भूमिका में दिखते हैं तो दूसरे में इसके उलट अंग्रेजों के सामने शीश नवाते हिंदूवादी नेता की भूमिका में। उल्लेखनीय है कि सावरकर के समय गदर आंदोलन के कितने नेता कालापानी की सजा काट रहे थे, वो वहीं मर-खप गए पर माफी नहीं माँगी। एक तरफ भगतसिंह ये कह रहे थे कि "यह लड़ाई खत्म नहीं होगी। मेरी कुर्बानी सैकड़ों नौजवानों को देश पर मर मिटने के लिए प्रेरित करेगी।"  दूसरी तरफ सावरकर अपने माफीनामे में कह रहे थे-"मेरी रिहाई मेरे अनुयायियों को खुशी से भर देगी और वे ब्रिटिश हुकूमत के प्रति वफादार बनेंगे।" भगतसिंह को भी अंग्रेज सरकार कालापानी की सज़ा दे सकते थे और इसके पर्याप्त कारण भी थे, पूरे देश में भगतसिंह की फाँसी के खिलाफ गुस्सा था, जनता की तरफ से कांग्रेस पर भी यह दबाव था कि गाँधीजी लार्ड इरविन पैक्ट पर तबतक हस्ताक्षर न करें जबतक भगतसिंह की फाँसी की सज़ा को उम्रकैद में न बदल दिया जाय। पर अंग्रेजी हुकूमत इस बात को अच्छी तरह समझती थी कि उनके लिए भगतसिंह का ज़िन्दा रहना कितना घातक हो सकता था। कांग्रेस जैसी समझौता-दबाव वाली रणनीति अपनाने वाली धारा की जगह अगर अंग्रेजों की सत्ता का समूल उखाड़ फेंकने की बात करने वाली क्रांतिकारी धारा अगर जीवित रह जाती है तो यह उनके लिए कितनी ख़तरनाक हो सकती है। दूसरी तरफ अंग्रेजों ने सावरकर, जो खुद को बचाने के लिए माफिनामों की फेहरिस्त जारी कर रहे थे, उनके माफीनामे स्वीकार कर अंग्रेजी सरकार ने उनको छोड़ दिया। उनको बाद में अंग्रेजों की तरफ से पेंशन भी दिया गया। यह सच भी है सावरकर ने अपने माफिनामों में अंग्रेजी सरकार से किया गया अपना वादा निभाया। बाहर आने के बाद 1947 तक अंग्रेजों के खिलाफ कभी किसी आंदोलन स्तर पर या लेखन स्तर पर वो शामिल रहे ऐसी कोई जानकारी नहीं मिलती। उनके लिए अब अंग्रेजी गुलामी समस्या रह ही नहीं गयी थी, वो अब हिंदुत्व की राजनीति की राह पर निकल पड़े थे। इसीलिए आगे न तो अंग्रेजों ने कभी उनको गिरफ्तार किया ना कोई वार्निंग तक दी। एक महत्वपूर्ण बात ये है कि अंग्रेजों ने सावरकर की पहली किताब "1857 का स्वतंत्रता संग्राम" पर पाबंदी लगा दी थी, पर उनको जेल के अंदर "हिंदुत्व" किताब लिखने दिया गया और उसपर पाबंदी भी नहीं लगाई गई। ऐसा क्यों? ब्रिटिश सरकार यह समझती थी कि आजादी के लिए उभरते संघर्ष के बीच हिन्दू-राष्ट्र का नारा एक वरदान साबित होने वाला था। एक प्रकार से सावरकर उनकी टीम से ही खेल रहे थे। अंग्रेजों की बांटों और राज करो की रणनीति अब सावरकर खुद ही चला रहे थे। यही कारण था कि अंग्रेज आगे उनपर लगे सारे प्रतिबंध हटाते गए।
महात्मा गाँधी की हत्या के बाद एक अभियुक्त की गवाही के बावजूद सावरकर को स्वतंत्र गवाह या सबूत न होने के कारण छोड़ दिया गया, पर आगे जस्टिस कपूर आयोग ने अपनी जाँच में सावरकर को भी गाँधीजी की हत्या में दोषी माना था।
एक सेनानी का जीवन कीमती होता है जैसे भगतसिंह का था जिसको बचाने के लिए पूरे देश की जनता सड़कों पर उतर रही थी। पर अगर सेनानी खुद ही अपनी जान बचाने के लिए शत्रु से दया की याचना करने लगे तो उसे अवसरवादी कहा जा सकता है पर वीर नहीं। सोचिए अगर सारे क्रांतिकारी बलिदान देने की बजाय जिंदा रहने और देश सेवा करने की सोचते तो भारत कभी आज़ाद हो पाता? युध्द में हर सैनिक सोचने लगे कि अभी भागकर कहीं छुप जाता हूँ, ज़िन्दा रहूँगा तभी तो देश सेवा करूंगा तो क्या हम कभी कोई युध्द जीत पाएंगे??
इसीलिए आज हमारे आदर्श भगतसिंह जैसे बहादुर हो सकते हैं सावरकर जैसे अवसरवादी सेवक नहीं।