Showing posts with label कहानीयाँ. Show all posts
Showing posts with label कहानीयाँ. Show all posts

20 October 2019

शातिर समाज और मासूम चोर: हमारे बर्बर समाज की एक कहानी

 मैं सोंचने लगा कैसे किसी को छोटी सी चोरी मात्र के लिए मार कर पैर तोड़ा जा सकता है? कैसे हम इतने असंवेदनशील हो सकते हैं? अब ये सब सुनकर तो वहाँ से जाना मेरे बस का नहीं रहा और शायद किसी भी संवेदनशील व्यक्ति के लिए ये सब जानने के बाद अपने आप को उन परिस्थितियों से अलग करना मुश्किल होगा। अब मैंने सोच लिया कि उनको देखकर ही यहाँ से जाऊँगा।
Picture for Representation only
 
✍️ राघवेंद्र तिवारी

 अभी कुछ दिन पहले मैं ड्यूटी के लिए सुबह 9 बजे रूम से निकला और कुछ दूर जाने के पश्चात मुझे कुछ ऐसा देखने को मिला जो समाज में एक बर्बर भीड़ की बढ़ रही मानसिकता की क्रूर तस्वीर प्रस्तुत करता है। अक्सर मैं पैदल ही ड्यूटी जाता हूँ जो कि करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है तो रोजाना लगभग चार किलोमीटर का चलना भी हो जाता है।
उस दिन रास्ते में मुझे कुछ लोग एकत्रित दिखे जिसके अगल-बगल में कुछ छोटे-मोटे उद्योग और बड़ी-बड़ी इमारतें थी। क्योंकि मेरा उधर से हमेशा जाना-आना रहता है और उस  जगह पर बहुत शांति रहती है इसलिए  लोगों का हुजूम देख मुझसे रहा नहीं गया, कुछ अलग और अजीब सा लगा तो खिंचा चला गया। वहाँ खड़े कुछ मध्य या निम्नमध्यवर्गीय दिखने वाले लोग हो-हल्ला मचाए हुए थे, पूछने पर उन्होंने बताया की दो चोर पकड़े गए हैं, उन्हीं को सामने वाले कमरे में बन्द किया गया है। वो लोग ये भी बताए कि ये बहुत ही शातिर चोर हैं, पहले कनेक्शन काटते हैं फिर कैमरा दूसरी तरफ मोड़ देते है जिससे कुछ भी दिखाई ना दे। उसके बाद ये सब एक-एक करके अंदर प्रवेश करते हैं और चोरी करके चंपत हो जाते हैं। वो बता तो ऐसे रहे थे जैसे कोई चोर ना पकड़ के किसी खूंखार डाकू को दबोच लिया हो।
लोगों की अभी तक की बातों से एक बात जो समझ में नहीं आई वो ये की वो इतने शातिर और चालाक हैं तो फिर कनेक्शन काटने के बाद कैमरा क्यों घूमाते हैं और यदि कैमरा घुमाने से काम हो जाता है तो कनेक्शन क्यों काटते हैं, और दूसरी बात कि जब वे इतने शातिर हैं तो यहाँ क्या चोरी कर रहे हैं? यहाँ तो कुछ भी बहुत बड़ा हाथ लगने वाला था नहीं क्योंकि यहाँ तो छोटे-छोटे उद्योग और बिल्डिंगे हैं जहाँ लोगो की मौजूदगी भी हमेशा रहती है, आखिर यहाँ क्या मिलता? मैं एक मिनट के लिए यही सब सोचने लगा। 
 ये सब सुनने के बाद मैं उनको देखने के लिए बहुत उत्सुक था  जिनके बारे में वहाँ खड़े लोग उत्साह से बताते न थक रहे थे।  लेकिन वहाँ स्थिति ऐसी नहीं थी कि कोई भी कुछ सुनने को तैयार हो। कुछ लोगों से बात करके रिक्वेस्ट भी किया कि भाई एक बार उनको देखना चाहता हूँ जो इतने बड़े-बड़े कारनामे करते हैं। एक बार दिखा दो कि वो दोनों कहाँ हैं लेकिन 
किसी ने नहीं सुना, फिर मुझे ड्यूटी के लिए लेट भी हो रहा था, तो सोचा चलो ये सब तो होता रहता है ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है।
यही सब दिमाग मे चल रहा तभी किसी ने मेरा नाम पुकारा, आवाज सामने की छत से मेरे एक दोस्त के पिताजी ने दी थी। वो भी छत पर खड़े होकर यही सब देख रहे थे, मैं भी उनको नमस्ते बोला और वहाँ से निकलने लगा। जैसे ही वहाँ से 10 कदम आगे निकला तबतक किसी ने बोला कि उसका पैर टूट गया है, ये सुनते ही मेरे दिमाग मे कुछ अजीब सा चलने लगा, मैं सोचने लगा उसका पैर कैसे टूट गया? मैं उन लोगों के पास गया जो ये बातें कर रहें थे, मैंने उनसें पूछा भाई उसका पैर कैसे टूट गया है? उन लोगों को भी बहुत सही जानकारी नहीं थी, इतना जरूर बता दिए कि उनको मार पड़ी है और पैर टूटा है, ये नहीं पता कैसे टूटा है, हो सकता है उनको पता भी हो पर मुझे बताना सही नहीं समझे।
ये सब सुनने के बाद मैं सोंचने लगा कैसे किसी को छोटी सी चोरी मात्र के लिए मार कर पैर तोड़ा जा सकता है? कैसे हम इतने असंवेदनशील हो सकते हैं? अब ये सब सुनकर तो वहाँ से जाना मेरे बस का नहीं रहा और शायद किसी भी संवेदनशील व्यक्ति के लिए ये सब जानने के बाद अपने आप को उन परिस्थितियों से अलग करना मुश्किल होगा। अब मैंने सोच लिया कि उनको देखकर ही यहाँ से जाऊँगा। थोड़ी देर तक वहाँ रुकने के बाद मुझे पता लगा कि उनको वही पास के एक कमरे में बंद करके बाहर से ताला लगाया गया है। आश्चर्य तो तब हुआ जब ये पता लगा कि उनको 5 बजे से ही बन्द किया गया है और अभी 10 बजने को थे तो उनकी दिनचर्या के बारे में भी सोचने लगा कि वो दोनों मल-मूत्र भी क्या उसी कमरे में कर रहे होंगे? क्या किसी ने उनको नित्यकर्म के लिए बाहर निकाला होगा?
मैं जुगत लगाने  लगा कि उनसे कैसे मिला जाय, मैं उस व्यक्ति के पास गया जिसके पास चाभी थी और उससे कुछ बातें करने के बाद मैंने कहा कि  एक बार उनको देख लिया जाए नहीं तो कही कुछ अनहोनी हो गयी तो आपको ज्यादा दिक्कत हो सकती है। एक बार देखकर फिर बन्द कर दीजिएगा, इतना समझाने पर वो तैयार हो गए और मैं भी उनके साथ हो लिया। मुझे उन सब से मिलना था इसलिए थोड़ा डरा कर ही सही लेकिन ताला खुलवा लिया। जैसे ही कमरा खुला और फिर जो आँखों ने देखा उसे यकीन करना मुश्किल हो रहा था। जिन चोरों की कल्पना मेरे दिमाग मे चल रही थी, वहाँ पर उपस्थित लोगों की बातें सुनने के बाद सच्चाई मेरे सामने उससे बिल्कुल विपरीत थी। असल में वो दो मासूम बच्चे थे, आँखों मे आंसू, शरीर पर चोट के निशान, और डरा हुआ सा चेहरा, लगा जैसे वो उनके साथ हुए वाकये की कहानी बयां कर रहा हो।
बाहर खड़े आदमखोर लोग जो कुछ भी बताए थे वो सब मैं एक झटके में भूल गया और उन बच्चों के पास गया और प्यार से पहले उनका हाल पूछा। बच्चे इतने डरे हुए थे कि कुछ भी बोल नही पा रहे थे, कई बार पूछने पर एक लड़का जिसने अपनी उम्र 11 साल बताई उसने कहा कि प्यास लगी है, वहाँ पानी तक नहीं था कि वो पानी पी सकें। मुझे बहुत गुस्सा आ रहा था इन क्रूर लोगों पर लेकिन गुस्सा करने से कोई फायदा नहीं था।
 मैंने वहाँ खड़े कुछ लोगों से विनती की कि आप लोग यहाँ से थोड़ा दूर जाइए और हो सके तो थोड़ा पानी ला दीजिये फिर जो करना होगा कीजियेगा इनके साथ। मैं सोच नहीं पा रहा था कि कैसे हो गए हैं लोग! सामने कोई प्यासा है और पानी तक नहीं दे रहे, एक नौजवान जो उसी रास्ते से अपने काम पर जा रहा था वो भी रुक कर हमारी बातचीत सुन रहा था, उसी ने अपने बैग से एक पानी का बोतल निकाला और उन बच्चों को पिलाने के लिए दिया। दोनों ने पानी पिया और फिर सब कुछ बताने लगें जो उनके साथ हुआ और जो उन लोगों ने किया था। दोनों की उम्र लगभग बराबर ही थी एक ने तो पहले ही 11 वर्ष बता दिया था दूसरे ने भी अपना 13 वर्ष बताया। सामान्यतः इस उम्र के बच्चे मां की ममता और पिता के प्यार की छांव में घूमते-फिरते, खेलने-कूदने और पढने में ही समय देते हैं पर इसी उम्र में ये बच्चे चोरी के लिए पकड़े गए हैं। दोनों ने बताया कि हम लोग कूड़ा-कबाड़ घूम-घूम कर उठाते हैं और जब बेचने भर का इकट्ठा हो जाता है तो उसे बेच देते हैं। इससे जो पैसा मिलता है उसमें से कुछ हम खर्च करते हैं और जो बचता है घर पर दे देते हैं। उनके घर के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि कॉलोनी के पीछे झुग्गी बस्ती है उसी में रहतें हैं। मैंने पूछा पढ़ने जाते हो तो जबाब मिला कि हम लोग कभी स्कूल नहीं गए। 
ये सब सुनने के बाद मेरे दिमाग में उनकी झुग्गी-बस्तियाँ तैरने लगीं, चारो तरफ गंदे नाले, उसमें पौराते सुअर और कुत्ते, इधर-उधर पड़ा कचरा जिनको कुत्ते और सुअर और बिखेरते रहते, चारों तरफ तिरपाल से बनी झुग्गियों के बीच रहने को मजबूर, पीने के साफ पानी तक कि व्यवस्था नहीं, ऐसी परिस्थिति में रहने वाले दों मासूम बच्चों से हम क्या उम्मीद कर रहें हैं? सभ्य-सुसंस्कृत लोग अच्छे इसलिए हैं क्योंकि उनके पास सभ्य बने रहने के संसाधन हैं। जिनकी ज़िन्दगी बोझ लगने लगी हो, जिनके दरवाजे पर सुबह शाम भूख पहरा देती हो, शिक्षा जिनको देखकर दूर से ही नाक-भौं सिकोड़ लेती हो उनसे आप किस सभ्यता, नैतिकता और संस्कृति की आशा कर रहे हैं? हम हमारे समाज और व्यवस्था की नाकामियों को क्यों दुसरों पर थोप रहे हैं? सरकारें आती हैं और जाती हैं, चेहरे बदलते रहते हैं लेकिन जो नही बदलती है वो मेहनतकश और गरीबों की ज़िंदगी। जिन सुविधाओं के लिए तमाम तरह की योजनाएं चलाई जाती हैं वो इन लोगो तक क्यों नहीं पहुँचती, हम ये बात क्यों नहीं सोचते कि भूखे पेट किसी को भी ज्ञान देने से कोई फायदा नहीं है। 
यही कुछ सवाल मेरे जेहन में चल रहे थे। फिर मैं उनसे कुछ और बातें करते हुए मुख्य बात पर आया कि तुम लोग और क्या-क्या करते हो, इस बात पर उन दोनों ने बड़ी ईमानदारी से बताया कि हम लोग घूमते-फिरते छोटी-छोटी चोरी भी कर लेते हैं। दोनों की बातों में सच्चाई दिख रही थी। बाहर खड़े लोगों ने इन बच्चों पर जिन चीजों की चोरी का इल्जाम लगाया था उनमें एक भरा हुआ गैस सिलेंडर था और एक 35kg की डाई (जो घरों में उपयोग होने वाली चलनी बनाने के लिए यूज़ की जाती है) ले कर गए हैं। जबकि पीछे के रास्ते से जहाँ से ये सब चोरी हुआ बताया जा रहा, 8 फिट ऊँची दीवाल है औऱ कोई गेट भी नहीं है। 8 फीट की दीवार और 30 से 35 kg का सामान, दो बच्चे ये कैसे निकाल सकते हैं? चोरी हुई हो या ना हुई हो पर इन्होंने इन बच्चों को पकड़ कर इतना मारा है कि पैर टूट गया है, शरीर पर जगह-जगह चोटें लगी हैं,  अब आगे की कार्यवाही से बचने के लिए और बाहरी लोगों का समर्थन लेने के लिए ये लोग झूठी कहानियां गढ़ रहे हैं। उन बच्चों ने बताया कि हम लोग पहले भी यहाँ आते रहे हैं गत्ते और प्लास्टिक बीनते हुए, आज भी वही कर रहे थे, ऊपर दीवाल पर कुछ कबाड़ था तो हम दोनों वही उठाने के लिए ऊपर चढ़े थे तभी ये लोग पकड़ लिए और पहले के चोरी हुए बहुत से सामानों के बारे में पूछने लगे। किसी भी सामान के बारे में हम लोगों को कोई जानकारी नहीं थी। छोटे लड़के ने आगे बताया कि ये लोग हमसे पूछ रहे हैं कि अपने बॉस या मालिक का नाम और पता बता दो, तुम दोनों को छोड़ देंगे। मैंने झट से कहा तो इसमें दिक्कत क्या है बता दो और तुम लोग चले जाओ। लड़के ने धीरे से कहा हमारा कोई मालिक नहीं है, हम लोग अपने खर्च के लिए काम करते हैं, घर पर माँ और बहन हैं, हमारे पापा नही हैं। जो 11 साल का लड़का था उसका पैर टूटा था और जो 13 साल का था उसका दाहिने पैर का अंगूठा फटा था। जब उसका फटा अंगूठा देखा तो बहुत गुस्सा आ रहा था, ये लोग इंसान हैं या जानवर। कैसे इनको मासूम बच्चे नही दिखते! अगर इन्होंने चोरी भी की है तो ये पुलिस का मामला है इस तरह मारना कहाँ तक सही है। 

मैं अभी उन बच्चों से बात ही कर रहा तभी कुछ औरतें जो वहाँ खड़ी थीं, फिर बोलना शुरू कर दीं, मुझसे भी रहा नहीं गया और उनके पास जाकर बोला कि जरा सोचिए! क्या आपके बच्चे का जन्म किसी ऐसे घर मे हुआ होता जहाँ उनको जो सुविधाएं आप अभी मुहैया करा रही हैं वो नहीं मिलतीं और वो उन्हीं गंदी बस्तियों में रहता होता जहाँ पर ये बच्चे रहते हैं तो क्या तब भी आपके जो अभी बच्चे हैं उनकी जो स्थिति है वो होती? क्या आप ये नहीं मानतीं की आर्थिक और सामाजिक स्थितियां सभी क्रियाओं के लिए जिम्मेदार होती हैं ? ये सब बातें सुनने के बाद उनकी इंसानियत थोड़ी जागी लेकिन फिर भी उनको छोड़ने के पक्ष में कोई नहीं हुआ। अंततः बहुत कोशिशों के बाद भी वो लोग उनको तबतक छोड़ने को तैयार नही हुए जब तक उनके माँ- बाप आकर वहाँ अपनी बात नहीं रखे।
मुझे भी कम्पनी से बार-बार फोन आ रहा था। अब उदास और निराश होकर वहाँ से निकलना ही पड़ा क्योंकि मैं वहाँ रुक कर भी कुछ नहीं कर पाता ये बात मुझे उतने ही समय में पता चल गया था।

दिन-प्रतिदिन की बढ़ती असमानताओं ने देश को कहाँ लाकर खड़ा कर दिया है। ये बढ़ती असमानताएं देश की सबसे बड़ी समस्या बनती जा रही हैं। आज के युवा वर्ग की ये प्रमुख जिम्मेदारी बनती है कि इस बढ़ती असमानताओं पर सोचे और मिलकर इसे खत्म करें। आज के समय में तो ऐसी असमानता है कि कोई खा-खा कर मरे जा रहा, कोई खाने के बिना मर रहा है, कोई खाने के लिए दिन भर चलता है, कोई पचाने के लिए चलता है।
क्यों हम लोग ये नहीं सोचते कि एक बच्चा जो झुग्गियों में पला-बढ़ा है, स्कूल के कभी दर्शन नहीं हुए, सामाजिक भेद-भाव अलग से झेला है, खुद मेहनत करता है तो खाता है, वो बहुत अच्छा करेगा ऐसी उमीद क्यों? आज उसने चोरी किया हो या ना किया हो लेकिन जो कष्ट और सामाजिक प्रताड़ना झेल रहा है उसे भूल पाएगा? एक तथाकथित सभ्य समाज को देखने का उनका नजरिया क्या होगा? ये वो सवाल थे जो ये सब देख कर मेरे अंदर  उठे। इसी देश में नेताओं और मंत्रियों को चाय भत्ता 15 से 30 हजार मासिक दिया जाता है और इसी देश में कोई बच्चा 30 रुपये जमा करने के लिए कूड़ा बीनता है। हम कैसे राष्ट्र का निर्माण करेंगे इन असमानताओं के बीच! किसी ने सच कहा है कि अगर किसी राज्य में कोई रोटी के लिए चोरी करता है तो चोर के नहीं राजा के हाथ काटे जाने चाहिए।

मैं कुछ कर नहीं पाया इसका दुःख तो हुआ लेकिन ऐसी कितनी घटनाएं रोज होती होंगी सोचने लगा, और यही सब सोचते हुए ड्यूटी पहुँच गया। वहाँ पहुँचने के बाद भी मैं पूरा दिन उन्हीं के बारे में सोचता रहा। इन्हीं सब के बीच भगतसिंह की कही वो बात याद आ गयी जो उन्होंने निचली अदालत में जज के एक सवाल पर दिया था।
निचली अदालत में एक बार उनसे सवाल हुआ- क्या है क्रांति?
इसी सवाल के जबाब में उन्होंने कहा था। 
  भयानक असमानता और जबर्दस्ती लादा गया भेदभाव दुनिया को एक बहुत बड़ी उथल-पुथल की ओर लिए जा रहा है। यह स्थिति अधिक दिनों तक कायम नहीं रह सकती।
स्पष्ट है कि आज का धनिक समाज एक भयानक ज्वालामुखी के मुख पर बैठकर रंगरेलियां मना रहा है और शोषकों के मासूम बच्चे तथा करोड़ो शोषित लोग एक भयानक खड्डे की कगार पर चल रहें हैं।
इसी असमानता, गैरबराबरी और हर तरह के शोषण के खात्मे को भगतसिंह ने क्रांति का असली मतलब कहा था। 
 पूरे देश में ऐसी जाने कितनी घटनाएं प्रतिदिन होती होंगी ये सोचकर ही मन दहल जाता है। आज जरूरत है भगतसिंह के विचारों पर चलते हुए नए और समानता युक्त समाज की स्थापना करने की। समाज के हर तबके तक समान शिक्षा व चिकित्सा और रोजगार की व्यवस्था मुहैया कराने की। आज हम युवाओं को ही पहल करने की जरूरत है। कहीं ऐसा न हो कि बहुत देर हो जाये। 


09 July 2019

कहानी: काशी को बदनाम मत करो



✍🏼 नितेश शुक्ला

जबसे यह वाला थानेदार काशी की पुलिस चौकी का इंचार्ज बन कर आया था तबसे हर महीने चोरी-लूट-छेड़छाड़ व अन्य अपराधों की शिकायतें काफी कम हो गयी थीं। खुद एसपी साहब आश्चर्यचकित थे। करारी मूछों वाला यह थानेदार उनकी कल्पना से काफी ज्यादा अच्छा काम कर रहा था। लग रहा था कि काशी दुनिया के विश्वपटल पर अपना गौरव फिर से स्थापित करेगी। एसपी साहब देखना चाहते थे कि आखिर जो काम इतने थानेदार नहीं कर सके वो इस कड़ी मूछों वाले थानेदार ने कैसे कर दिखाया। उन्होंने इलाके में एक खबरी को भेजा। खबरी कुछ दिन बाजारों में टहलता रहा, कुछ दिन थाने पर तो कुछ दिन अस्सीघाट पर गुजारे, काफी कुछ देखा, लोगों की बातें सुनीं। लौटकर उसने जो कहानी एसपी साहब को सुनाई वो चौकानें वाली थी। इलाके में कड़क मूछों वाले थानेदार साहब का बड़ा रौब था। सुबह उठते ही गंगा नहाकर काशीनाथ के दर्शन करते थे। शाम को आरती का हिस्सा बनते थे। बुलेट पर अपनी तगड़ी मूछों को ताव देते हुए जब चलते थे तो काशी के राजा जैसे लगते थे। पनवाड़ी खिदमत में पान पेश करते थे तो लस्सी वाले लस्सी पीने का न्यौता देते थे। एसपी ने टोका- पर अपराध इतने कम कैसे हो गए? खबरी थोड़ा झुक गया और बोला- माफ कीजियेगा हुजूर पर इलाके में अपराध पहले से भी ज्यादा बढ़ गए हैं। हर रोज चोरी, डकैती, छेड़छाड़ होना अब आम बात हो गयी है। पर अपने थानेदार साहब में अद्भुत शक्ति है। इलाके में भद्रजन उन्हें काशी का रक्षक, बाबा विश्वनाथ का दूत आदि नामों से बुलाते हैं। उनके पास अपराधों से निपटने का बहुत अचूक अस्त्र है। दो दिन पहले काशी में दंगे हो गए पुलिस बुलाने पर भी काफी देर से आई और कई लोग मारे गए। लोगों ने पुलिस की नाकामी के खिलाफ जुलूस निकाला तब थानेदार साहब ने मंच से कहा दंगे होना दुखद है पर मेरी काशी को बदनाम मत करो। लोग घरों को लौट पड़े। आये दिन अपराध बढ़ रहे हैं। अभी परसो की बात है एक विदेशी पर्यटक पर आरती में शामिल न होने के कारण थानेदार साहब के लड़के ने हमला कर दिया। बस फिर क्या था, लोग थाने का घेराव करने लगे। अपराधी को सज़ा देने की मांग करने लगे। थानेदार साहेब बाहर आये और गरजे- विदेशी पर्यटक पर हुए हमले की वो कड़ी निंदा करते हैं पर ऐसे जुलूस निकालकर काशी को बदनाम मत करो। लोगों ने सोचा "सच बात है" और वो अपने घरों को लौट पड़े। अभी कल ही जब एक युवक को चोरी के इल्जाम में थानेदार साहब के लोगों ने पीट-पीट कर मार दिया तब भी मृतक के परिजन थाने पहुंचे, अपराधियों को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई। मैं उनके साथ ही गया था। जाहिर सी बात है थानेदार साहब इस हत्या से बहुत दुखी हुए थे, पीड़ितों की बात सुनकर उनकी आँखों से अश्रुधारा बहने लगी। उन्होंने रुंधे गले से कहा कि इस घटना से उनके दिल को घोर आघात पहुँचा है मृतक की आत्मा को भगवान शांति दें पर आपलोग इसकी रिपोर्ट लिखवाकर और मीडिया में ले जाकर काशी को बदनाम मत करें। और इस तरह बिना रिपोर्ट लिखवाए हमको वापस लौटना पड़ा। 
एसपी साहब चकित और चिंतित नजर आ रहे थे। उन्होंने पूछा -वहाँ के पत्रकार क्या कर रहे हैं? खबरी ने बताया कि वहां के पत्रकार ऐसे हो चुके हैं कि जब थानेदार साहब भरपेट अन्न ग्रहण करके तृप्त मन से डकार भी लेते हैं तब पत्रकार तालियां बजाते हैं और कहते  हैं  "क्या उत्तम विचार हैं"।

05 April 2019

ऑप्शन बी : एक बेरोजगार मोदी भक्त की कहानी

Photo for representation only.


✍🏼नितेश शुक्ला

दिल्ली के साकेत की धूलभरी सड़क पर मैं चल रहा हूँ। शाम धीरे-धीरे सरक रही है। नाली से निकाला गया कीचङ सड़क पर ही रखा है। उससे काली-काली धारियाँ साँप जैसे निकलकर सड़क पर रेंग रही हैं। मैं एक सँकरी गली में मुड़ता हूँ। एक तीन मंजिला इमारत में ग्राउंड फ्लोर के रूम का ताला खोलता हूँ। रूम में एक शान्ति छाई रहती है जिसे मैं भंग कर देता हूँ। सामने टेबल पर बैंक परीक्षा का गाइड रखा हुआ है। हैंगर पर कुछ कपड़े टंगे हैं। कोने में पानी से भरा टब है जिसके बगल में कुछ जूठे बर्तन जैसे मेरा इंतज़ार कर रहे हैं। दीवार में बनी आलमारी में ऊपर के खाने में किताबें रखी हैं , बीच के खाने में कपड़े ठुसे हुए हैं और नीचे कुछ डिब्बों में आंटा , चावल और दाल वगैरह हैं। शाम ढल रही है और अब सब्जी लाने जाना होगा। मोबाईल की घंटी बजती है, देखा तो माँ का फोन है। उस चिरपरिचित आवाज़ में माँ पूछती है, कैसे हो बेटा? और मेरा रोज का जबाब - अच्छा हूँ। गाँव की कोई बात सुनाती है, मेरी आँखें बंद होने लगती हैं और गाँव दिखने लगता है। घर की ठंढी छाँह मन में दौड़ने लगती है। अच्छा था या बुरा था पर बेफिक्री तो वहीं थी। फिर ऐसे सवाल पूछे जाते हैं जिनमें गलत उत्तर ही सही जबाब होता है। मैं रोज के उन सवालों के जबाब 'ऑप्शन बी' देता रहता हूँ। अपना ख़याल रखना , ठीक से खाना-पीना बोल के माँ फोन रख देती है।एक गहरी साँस लेता हूँ फिर ,जैसे किसी से पीछा छुड़ा लिया। मैं चाहता हूँ बात जल्दी खत्म हो, या न करनी पड़े बात , माँ से या किसी परिचित से। उन सवालों का सामना नहीं करना चाहता जिनका उत्तर हमेशा ऑप्शन बी देना पड़ता है, जबकि सही उत्तर कुछ और होता है। मैं इस शाम से डरता हूँ , ये मुझे अकेला कर देती है। इस साल 12 फॉर्म भरे हैं , 4 की परीक्षा दे चुका हूँ, 5वां कल सुबह है।

      कमरे की दीवारें तीन साल से चुपचाप मुझे देख रही हैं। शाम 8 से 12 बजे रात तक मेरे साथ  लाभ-हानि के फॉर्मूले ये भी याद करती होंगी। 13 का घनमूल इनको भी याद हो शायद। 3 साल से हर रोज गर्म चावल की खुशबू को इन्होंने भी चखा है। छत पे घूम रहे पंखे ने तीन सालों में मेरे बराबर मेहनत की है।

      अगला घंटा सब्जी लाने और खाना बनाने में गुजरता है। गरम-गरम भात और सब्जी खाते हुए खुद को सराहता हूँ। बाहर आकर इतना तो सीखा।

     9 बज चुके हैं , अब किताबों और नोट्स के पन्ने पलटते हुए समय भाग रहा है। रात की इस शांति में पंखे की आवाज़ और बीच बीच मे पन्ने पलटने की आवाज़ ही आती रहती है। कल तक जो फॉर्मूले याद लग रहे थे आज मुँह चिढ़ाते हुए दिख रहे हैं। सभी मोबाईल पेंसिल हैं और सभी किताबें मेज हैं वाला सवाल दिमाग में और हुड़दंग मचा देता है। जल्दी जल्दी फॉर्मूले दुहराकर सोना भी है।

    अब 12 बज चुके हैं। बिस्तर पर लेट गया हूँ पर नींद का ठिकाना नहीं है। पूरी दिल्ली सो रही है, कल सुबह जब दिल्ली जगेगी , सड़कों पर गाड़ियां दौड़ेंगी तब मेरे हाथ में एक प्रश्नपत्र होगा और दिमाग में जबरदस्त हलचल होगी। पिछली बार इस परीक्षा में कटऑफ से 12 अंक कम मिले थे। इस बार पिछली बार से आधी भर्तियों के ही पद निकले हैं जबकि पिछली बार से लगभग दुगुने लोग इस बार परीक्षा में बैठ रहे हैं। थोड़ा डर सा लग रहा पर खुद को भरोसा दिलाता हूँ कि इस बार मेहनत भी तो पिछली बार से ज्यादा की है।

    1 बज गए पर नींद गायब है। ढलती हुई रात मेरे आत्मविश्वास को और भी कमज़ोर कर रही है। आँखे बंद करने पर कुछ भूतकाल की परछाईयाँ  सामने आ जाती हैं। गणित की कमज़ोरी बचपन से रही है। बाबूजी से बोला था ट्यूशन लगाने को पर पता था धान बेचकर किताबें खरीदी जा रही हैं, कहाँ से पैसा आएगा। स्कूल की बकाया फीस के लिए मार खाने के डर से स्कूल छोड़कर नहर के पुलिया पर भैंस चराने वालों के साथ समय गुजारा, फिर भला कैसे गणित समझ में आती। इस बात पर हँसी भी आई कि बचपन में स्कूल में खुद के मार खाने के लिए खुद ही डंडा तोड़ के लाना पड़ता था।  ये सब सोचते-सोचते आखिर नींद ने रहम कर दिया।

    सुबह दूध वाले की आवाज़ से नींद टूटी। बाहर पूरी दिल्ली जाग चुकी थी। ये सुबह रोज जैसी नहीं थी। अलार्म कब बजा पता नहीं चला , उठने में ही देर हो चुकी थी।  कुछ ऐसा था जो परिस्थितियों को प्रतिकूल कर दे रहा था। चाय बनाने के लिए गैस चालू की तो एक मिनट जल कर खतम हो गयी। सोचा तैयार होकर निकलता हूँ रास्ते में चाय नाश्ता कर लूंगा। नहाने तैयार होने में 8 बज गये। साकेत से विश्वविद्यालय जाना था,  डेढ़ घंटे लगते। जल्दी जल्दी नोट्स की कॉपी और गाइड बैग में लेकर निकल गया कि रास्ते मे पढ़ लूंगा। सड़क पर आया तो ऑटो वाला ही नहीं आ रहा था। गुस्सा आने लगा कि आज क्यों नहीं आ रहा। मुझे नौकरी न मिले इसकी साजिश पूरी दिल्ली करते हुए लग रही थी। थोड़ी देर में ऑटो मिल गयी और मैं मेट्रो स्टेशन पहुच गया। मेट्रो में इतनी भीड़ थी कि खड़ा होकर भी पढ़ना मुश्किल था और फिर मन बार बार समय पर पहुँचने के लिए विचलित हो रहा था। एक बार सारे फॉर्मूलों को देख लेता तो ठीक से याद हो जाते। जैसे तैसे परीक्षा केंद्र पहुच गया। लग रहा था जैसे किसी सैनिक को टूटे फूटे हथियारों के साथ लड़ने मैदान में भेज दिया गया हो।

     परीक्षा केंद्र पर परीक्षा थोड़ी देर में शुरू होने को थी। एग्जाम हाल में सब अपने कंप्यूटर स्क्रीन पर निगाहे लगाए बैठे थे। कुछ कुर्सियां अभी भी खाली थीं, कुछ लोग अपने बाजू वालों से कानाफूसी वाली आवाज़ में बातें कर रहे थे। एक कंप्यूटर पर मेरा नाम लिखा था। ये पूरा माहौल देख कर मेरे दिल की धड़कनें बढ़ चुकी थीं और कॉन्फिडेंस विदाई ले रहा था। जल्दी से पहुँचकर मैं सीट पर बैठ गया। स्क्रीन पर परीक्षा शुरू होने की उल्टी गिनती चल रही थी। 2 मिनट 33 सेकण्ड बचे थे। अभी दिशा-निर्देश  भी पढ़ने थे। जल्दी जल्दी उनपर नज़र दौड़ाई। नेगेटिव मार्किंग भी थी, कुल 100 सवाल थे, सही पर 4 और गलत होने पर -1। उल्टी गिनती अब जीरो पर पहुच रही थी और तभी परीक्षक ने लॉगिन करने को बोला। परीक्षा शुरू हो चुकी थी।

   माँ सरस्वती का नाम लेकर लॉगिन किया, सवाल सामने थे। कुछ मिलते जुलते, कुछ भूल बिखरे से, कुछ बाउंस मारते हुए, कुछ आसान से भी , कुछ उलझाने वाले, कुछ आसान से पर फार्मूला दिमाग से नदारद था, कुछ सुलझे हुए पर उत्तर दो सही लग रहे थे, कुछ सीधे तो कुछ टेढ़े। 20 मिनट गुजर चुके थे 15 सवाल पढ़े पर 6 ही हल हो पाए। समय भाग रहा था। दिमाग मे भी जबरजस्त हलचल हो रही थी। आगे अंग्रेजी आने वाली थी ,उसमे तो और दिक्कत होगी। इन 50 एप्टीट्यूड के सवालों में अच्छा स्कोर करना था। अगले 15 सवाल भी गुजर गए जिनमें 7 हल हो पाए।  20 सवाल बचे थे। अब फिर दौर शुरू हुआ डिडक्टिव रीजनिंग का। सभी आदमी पेड़ हैं , कुछ पेड़ बकरियाँ हैं। रमेश रिया से छोटा है पर मोहन से बड़ा है। रिया दीप्ती से बड़ी है जो खुद राजू से बड़ी है। ये सब सवाल सही हल हुए या नहीं पता नहीं। एप्टीट्यूड अब खत्म हो चुका था और 50 में 23 सवाल हल हुए थे। अंग्रेजी का दौर अंग्रेजों को गाली देते हुए गुजरने लगा। sarcasm, criticism के ज्यादा करीब है कि taunt के, इनके बीच की करीबी में परीक्षक को इतनी रुचि क्यों है?

 पूरा पेपर बीतने पर भी 100 में से 39 प्रश्न ही हल हुए। इतने में तो कुछ नही होना था। 2 घंटे से ज्यादा हो चुके थे। अब कई बातें जेहन में तैरने लगीं। सुबह पढ़ पाया होता तो शायद और सवाल हल हो जाते। इसबार का पेपर ही कठिन बना है शायद, या क्या पता मुझे ही कठिन लग रहा हो, बाकी सब तो सवाल हल करने में व्यस्त हैं। इसबार भी सेलेक्शन मुश्किल है। बाबूजी पूछेंगे हुआ कि नहीं और बिना पूरा उत्तर सुने बाहर चले जायेंगे। मौसा जी हँसते हुए फिर पूछेंगे जॉब लगी कि नहीं। गाँव के पुरनिये पीछे से बोलेंगे की सभे ऑफीसरे थोड़े न बन जाईं। समझ नहीं आ रहा था कि खुद को कोसूं या किसी और को। इसबार तो पिछली बार से आधे पदों की भर्ती ही निकली है ,ऊपर से परीक्षा देने वाले लोग दुगुने हो गए हैं। कल अख़बार में देखा कि सरकार 5 साल से खाली पड़े 5 लाख पदों को समाप्त करेगी। और एक बयान भी कि रोजगार नहीं  तो सड़क के किनारे पकौड़े बेचो। एक गुस्सा उमड़ा अंदर, इस सरकार के लिए दोस्तों से बहस किया, गाँव में लोगों से वोट मांगे , फ़ेसबुक-वाट्सएप्प पर पोस्ट लिख-लिखकर लोगों से झगड़ा किया कि इनको मौका तो दो, देखना हम एक दिन नए उज्ज्वल भारत का चेहरा देखेंगे। अंधेरे में एक उम्मीद की किरण देखी थी हमनें इस सरकार में पर अब लगा कि जैसे मैं एक ऐसी चीज था जिसे इस्तेमाल करके कचरे में फेंक दिया गया हो, जैसे एक गरीब को महलों के सपने दिखाकर उसकी झोपड़ी ले ली गयी हो। जिस पार्टी ने विकास, रोजगार, भ्रष्टाचार, कालाधन के नाम पर वोट लिया था अब राम मंदिर, पाकिस्तान, धर्मरक्षा, गोरक्षा की रट लगा रही है। इस नए भारत में झूठों की, फेक ख़बरों की बाढ़ आयी है।  सोचा कि अगर गलत उत्तर लिखने से हमारे नंबर काट लिए जाते हैं और हम फेल हो जाते हैं तो इन नेताओं द्वारा इतना झूठ बोलने पर कुछ क्यों नहीं होता? क्या जनता के पास चार विकल्पों में एक सही विकल्प मौजूद है? या चार चोरों में से एक को चुनना ही है? सिर को झटक दिया, मैं एग्जाम हॉल में था। परीक्षा खत्म होने में 5 मिनट थे। अब लगने लगा कि और सवाल तो करना ही पड़ेगा। कटऑफ तो ऐसे भी क्लियर नहीं होना है। मैंने खुद से कहा, कहने दो सालों को तुक्केबाज और कंप्यूटर पर बचे हुए अगले हर सवाल का एक ही जबाब देने लगा, 'ऑप्शन बी'।